जेलेंस्की के गृह नगर पर रूस का मिसाइल और रॉकेटों से हमला, दो मरे और 60 घायल
रूस ने शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृह नगर क्रिवीरीह पर मिसाइलों और रॉकेटों से हमला किया। हमले में दो लोग मारे गए और 60 लोग घायल हुए हैं। संपत्ति का भी नुकसान हुआ है।

जेलेंस्की के गृह नगर पर रूस का मिसाइल हमला, दो मरे (फोटो- रॉयटर)
HighLights
जेलेंस्की ने पुतिन के चीन दौरे और ट्रंप से मुलाकात को विफल बताया
फिनलैंड के नजदीक रूसी मालवाही जहाज पर हमला, आग लगी
एपी, कीव। रूस ने शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृह नगर क्रिवीरीह पर मिसाइलों और राकेटों से हमला किया। हमले में दो लोग मारे गए और 60 लोग घायल हुए हैं। संपत्ति का भी नुकसान हुआ है।
इसी दौरान खार्कीव पर हुए रूसी ड्रोन हमले में 11 लोग घायल हुए हैं। इससे पहले रूस के हिस्से कालिनिनग्राद की ओर जा रहे मालवाही जहाज पर ड्रोन हमले से उसमें आग लग गई है।
रूसी जहाज पर फिनलैंड की खाड़ी में हमला हुआ है। आशंका है कि यह हमला यूक्रेन ने किया है। हमले के बाद फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने क्षेत्र में युद्ध फैलने की आशंका जताई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
विदित हो कि फिनलैंड सैन्य संगठन नाटो का सदस्य है। क्रिवीरीह के प्रशासक ओलेक्जेंडर विलकुल ने बताया है कि रूस के हमले में 25 भवनों, एक अस्पताल, स्कूल और औद्योगिक इकाई को नुकसान हुआ है। हमले में एक महिला और एक बच्चा मारे गए हैं।
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर हमलों को उचित बताया है। कहा, रूस युद्ध के दौरान यूक्रेन के पुलों पर 109 बार हमले कर चुका है, इसलिए यूक्रेन के हमले को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।
चीन में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा रूसी राष्ट्रपति पुतिन को मित्र बताए जाने पर जेलेंस्की ने कहा, पुतिन हमारे लिए दुश्मन हैं। ऐसे में उन्हें मित्र बताने से पुतिन पर दबाव कम हुआ है।
जेलेंस्की ने पुतिन के चीन दौरे और वहां अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ वार्ता को विफल बताया। इस बीच शनिवार को यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस के ब्रियांस्क और बेलगोरोद इलाकों में तीन लोग घायल हुए हैं।