1.5 लाख किलो टमाटरों से स्पेन में मना ला टोमाटीना फेस्टिवल, लोगों ने जमकर मनाया जश्न
स्पेन के बुनियोल में ला टोमाटीना फेस्टिवल का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने 1,50,000 किलोग्राम टमाटरों से एक-दूसरे पर फेंके।

स्पेन में मनाया गया ला टोमाटीना फेस्टिवल।
HighLights
स्पेन के बुनियोल में ला टोमाटीना फेस्टिवल का आयोजन।
इस उत्सव में 1,50,000 किलोग्राम टमाटरों का उपयोग हुआ।
1945 में शुरू हुआ यह फेस्टिवल अब अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है।
डिजिटल डेस्क, बुनियोल। स्पेन के बुनियोल में ला टोमाटीना फेस्टिवल का आयोजन हुआ। इस दौरान हजारों लोग एक-दूसरे पर टमाटर फेंकते हुए मस्ती करते नजर आए। यह फेस्टिवल 26 अगस्त को हुआ था। इस सालाना इवेंट में लोग एक घंटे तक एक-दूसरे पर टमाटर फेंकते हैं।
आयोजकों को उम्मीद थी कि इस साल दुनिया भर से 22,000 लोग इसमें हिस्सा लेंगे और उनका कहना है कि इसमें 1,50,000 किलोग्राम (3,30,693 पाउंड) टमाटरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
1950 के दशक में इस फेस्टिवल पर लगा दी गई थी रोक
जनरल फ्रांसिस्को फ्रेंको की तानाशाही के दौर में 1950 के दशक में कुछ समय के लिए इस इवेंट पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन 1980 से इस फेस्टिवल ने फिर से वापसी की औ हाल के वर्षों में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत ज्यादा लोकप्रियता मिली।
ऐसे हुई थी शुरुआत
इस फेस्टिवल की शुरुआत 1945 में हुई थी। कहा जाता है कि टोमाटीना की शुरुआत ग्रामीण इलाके के लोगों के बीच एक लड़ाई से हुई थी। जब कुछ युवा स्पेन के शहर में धरना देने बैठ गए थे। पुलिस उन्हें रोकने के लिए आगे बढ़ी, तो युवाओं ने पास में लगी सब्जी की दुकानों से सब्जियों व फलों को उठा-उठाकर उन पर हमला कर दिया। इसके बाद से यहां फूड फाइट के तौर पर 'ला टोमाटीना' मनाया जाने लगा।
ला टोमाटीना की खास बातें
- हर साल अगस्त महीने के अंतिम बुधवार को स्पेन में ये त्योहार मनाया जाता है।
- इस फेस्टिवल में शामिल होने के लिए दुनिया के कोने-कोने से लोग शामिल होते हैं।
- इनकी संख्या लाखों में होने की वजह से अब यहां टिकट सिस्टम शुरू किया गया है।
- साल 2002 में इसे फेस्टिविटी ऑफ इंटरनेशनल टूरिस्ट इंटरेस्ट घोषित किया गया था।
यह भी पढ़ें: आसमान में सूर्य-चंद्रमा का अद्भुत मिलन: यूरोप में दिखा सूर्य ग्रहण का दुर्लभ नजारा, ब्रिटेन में 90% ढका सूरज
