यूक्रेन में लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री पर रूस का मिसाइल हमला, एक की मौत
रूस के मिसाइल हमले में यूक्रेन के क्रिवीरीह स्थित लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट में एक व्यक्ति की मौत हुई और उत्पादन रुका।

यूक्रेन में मित्तल प्लांट पर हमला (सोशल मीडिया)
HighLights
यूक्रेन ने रूस पर सैकड़ों ड्रोन से बड़ा हमला किया।
मॉस्को के पास 6 रूसी नागरिक मारे गए, कई घायल।
लक्ष्मी मित्तल के प्लांट पर रूसी मिसाइल, उत्पादन रुका।
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। यूक्रेन ने रविवार को रूस पर सैकड़ों ड्रोन से बड़ा हमला किया। इस हमले की चपेट में रूस की राजधानी मॉस्को का नजदीकी इलाका भी आया है। इस हमले में रूस के छह नागरिक मारे गए और दर्जन भर घायल हुए हैं। साढ़े चार वर्ष के युद्ध में यह रूस पर यूक्रेन के सबसे बड़े हमलों में से एक था।
जबकि रूस के मिसाइल हमले में भारतीय उद्योगपति लक्ष्मीनिवास मित्तल की कंपनी आर्सेलर मित्तल के क्रिवीरीह स्थित स्टील प्लांट में एक व्यक्ति की मौत हुई है। यह स्टील प्लांट यूक्रेन में सबसे ज्यादा स्टील का उत्पादन करता है। ताजा हमले के बाद उत्पादन रोक दिया गया है।
600 से ज्यादा ड्रोन से रूस पर हमले की तैयारी
ताजा हमले में यूक्रेन ने करीब 600 ड्रोन मॉस्को को निशाना बनाने के लिए छोड़े थे। इनमें से ज्यादातर तो रूसी डिफेंस सिस्टम ने आकाश में ही नष्ट कर दिया लेकिन कुछ ने मॉस्को के बाहरी इलाके में नुकसान पहुंचाया है। मॉस्को के उपनगरीय क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन से 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है।
नजदीक ही पोडोल्स्क कस्बे में स्थित वाइल्डबेरीज का गोदाम भी ड्रोन हमले का निशाना बना है। इसके अतिरिक्त रोस्तोव क्षेत्र में तीन शहर यूक्रेनी ड्रोन हमले का निशाना बने हैं। 150 से ज्यादा ड्रोनों के हमले से बहुत से घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान हुआ है।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि शनिवार-रविवार की रात 822 ड्रोन आकाश में नष्ट किए गए। रविवार को रूस के यूक्रेन के क्रिवीरीह शहर पर मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए और 14 घायल हुए हैं। इसके अतिरिक्त सूमी में भी रूसी हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
रूस के हमले में जपोरीजिया शहर में भी एक पुरुष और एक महिला की मौत हुई है। रूस के हमले में कीव में भी छह लोग घायल हुए हैं और वहां पर आग लग गई है। एक अन्य घटनाक्रम में पड़ोसी देश रोमानिया की हवाई सीमा में घुसे एक अज्ञात ड्रोन को नाटो के एफ-18 लड़ाकू विमान ने मार गिराया है। चालू वर्ष में यूक्रेन रूस पर हमले बढ़ाता जा रहा है।
पिछले छह महीनों में यूक्रेन ने ड्रोनों और मिसाइलों से रूस में एक हजार किलोमीटर से ज्यादा भीतर तक जाकर हमले किए हैं। इन ड्रोन और मिसाइलों का निशाना रूस के सैन्य प्रतिष्ठान और तेल-गैस के ठिकाने रहे हैं। इतना ही नहीं रूस की सबसे बड़ी आनलाइन कंपनी वाइल्डबेरीज भी पिछले डेढ़ महीने से यूक्रेन के निशाने पर है। उसके करीब दो दर्जन गोदामों को निशाना बनाकर यूक्रेन ने कंपनी का अरबों डालर का नुकसान किया है।

