रूस और अमेरिका से घिरे जेलेंस्की, कहा- ट्रंप ने दिया धोखा; अमेरिकी राष्ट्रपति बोले-यूक्रेनी राष्ट्रपति मुझे पसंद नहीं
रूस ने यूक्रेन के नौ इलाकों पर हवाई हमले किए, जिससे 15 लोग घायल हुए और ऊर्जा संयंत्रों को नुकसान ...और पढ़ें

जेलेंस्की ने ट्रंप पर लगाया धोखा देने का आरोप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कीव। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच उपजे तनाव के मध्य रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के नौ इलाकों पर हवाई हमले किए। इन हमलों में 15 लोग घायल हुए हैं और कई ऊर्जा संयंत्र तथा भवनों को नुकसान हुआ है। ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों के चलते लाखों लोगों के घरों की बिजली गुल हो गई है।
इस बीच जेलेंस्की ने ट्रंप पर यूक्रेन को धोखा देने का आरोप लगाया है। साथ ही ट्रंप के रूस के साथ किए डीजल खरीद सौदे की निंदा की। जबकि ट्रंप ने कहा है कि वह यूक्रेन के राष्ट्रपति को नापसंद करते हैं।
यूरोपीय संघ (ईयू) समिट में भाग लेने के लिए बेल्जियम पहुंचे जेलेंस्की ने यूरोपीय नेताओं को असली नेता बताया। कहा, हम युद्ध को खत्म करना चाहते हैं लेकिन रूस की ओर से ऐसा कोई संकेत नहीं मिल रहा है।
जेलेंस्की ने शिकायती लहजे में कहा, अब हमें अमेरिका से स्तरीय खुफिया सूचनाएं नहीं मिल रही हैं। साथ ही स्टारलिंक इंटरनेट सेवा के सैन्य संस्करण स्टारशील्ड के सिग्नल अचानक डाउन कर दिए जाने से उसकी ड्रोन कार्रवाइयों और युद्ध मोर्चों पर होने वाले संवाद को बड़ा नुकसान हुआ है।
ईयू की विदेशी मामलों की प्रमुख काजा कलास ने कहा है कि 27 देशों का समूह अमेरिका को यूक्रेन मसले पर सहमत करने की कोशिश करेगा जिससे हम रूस पर युद्ध खत्म करने के लिए ज्यादा दबाव बना सकें। लेकिन यह कोशिश इस समय बहुत मुश्किल नजर आ रही है।
शुक्रवार को यूक्रेन ने भी रूस पर ड्रोन के बड़े हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि गुरुवार-शुक्रवार रात देश के विभिन्न इलाकों में 644 हमलावर यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए। रूसी डिफेंस सिस्टम ने जिन इलाकों में यूक्रेनी ड्रोन गिराए उनमें क्रीमिया और काला सागर भी शामिल हैं।
इस दौरान मास्को के चार हवाई अड्डों पर 160 उड़ानों को विलंब से रवाना किया गया या उनके मार्ग बदले गए या उन्हें रद कर दिया गया। इसी प्रकार से सेंट पीटर्सबर्ग एयरपोर्ट पर 46 उड़ानों में विलंब हुआ या उन्हें रद कर दिया गया।
(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
