बलूचिस्तान में BLA के हमले में मारे गए 45 पाकिस्तानी सैनिक, मस्तंग में सेना के काफिले को बनाया निशाना
बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला कर 45 सैनिकों को मारने का दावा किया है। यह हमला मस्तंग जिले के खदकुचा इ ...और पढ़ें
-1784303800755_m.webp)
बलूचिस्तान में BLA के हमले में मारे गए 45 पाकिस्तानी सैनिक(प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
बलूचिस्तान में बीएलए ने पाकिस्तानी सेना पर हमले की जिम्मेदारी ली।
मस्तंग में सेना के काफिले पर हमला, 45 सैनिक मारे गए।
खदकुचा इलाके में 'फतह स्क्वाड' ने सैन्य काफिले को निशाना बनाया।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। सैन्य बलों के एक काफिले को निशाना बनाकर किए गए हमले में 45 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने एक बयान में बताया कि सशस्त्र संगठन की इकाई "फतह स्क्वाड" ने गुरुवार रात मस्तंग जिले के खदकुचा इलाके में एक समन्वित अभियान में इस हमले को अंजाम दिया। सशस्त्र संगठन ने बसों के उस काफिले को निशाना बनाया, जिसमें पाकिस्तानी सेना के सैनिक सवार थे।
बयान के अनुसार, "अब तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान में 45 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हुए हैं। युद्ध मैदान के मौजूदा हालात को देखते हुए मरने वालों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।" हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने काफिले पर हमले की पुष्टि की है, लेकिन हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
बलूचिस्तान पोस्ट ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने गुरुवार को मस्तंग के खदकुचा इलाके में कथित रूप से गोलीबारी की। इसमें दो लोग मारे गए और चार बच्चों समेत 11 घायल हो गए। यह घटना एक सैन्य काफिले पर हमले के बीच हुई है।
खबरें और भी
इस महीने की शुरुआत में बलूचिस्तान के ग्वादर जिले के जिवानी क्षेत्र में पाकिस्तानी तटरक्षक बल के कैंप पर हमला किया गया था। इसमें 30 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। बीएलए ने इस हमले की भी जिम्मेदारी ली थी। उस समय बीएलए प्रवक्ता ने बताया था कि "फतह स्क्वाड" के एक सदस्य ने विस्फोटक से भरे माजदा वाहन से तटरक्षक बल के कैंप में विस्फोट किया था।
प्रेट्र के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले और आसपास के इलाके में चलाए गए एक अभियान में 24 आतंकी मारे गए।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)