पाकिस्तान: नवाज शरीफ ने बैरिस्टर इफ्तिखार गिलानी को गुलाम जम्मू कश्मीर के पीएम पद के लिए नामित किया
पाकिस्तान की सत्ताधारी पार्टी पीएमएल-एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने बैरिस्टर इफ्तिखार गिलानी को गुलाम जम्मू कश्मीर के प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया है।

पाकिस्तना के पूर्व पीएम नवाज शरीफ।
डिजिटल डेस्क, लाहौर। पाकिस्तान की सत्ताधारी पार्टी पीएमएल-एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने गुलाम जम्मू कश्मीर के प्रधानमंत्री पद के लिए बैरिस्टर इफ्तिखार गिलानी को नामित किया है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यहां चुनाव तीन चरणों में हुए थे। इनमें हिंसक विरोध-प्रदर्शन और बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगे थे। असेंबली शुक्रवार को प्रधानमंत्री का चुनाव कर सकती है।
नवाज शरीफ ने की सिफारिश
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के वरिष्ठ नेता ने बताया कि नवाज शरीफ की सिफारिश पर गिलानी को इस पद के लिए फाइनल किया गया है। गिलानी जिस सीट से चुनाव लड़े थे, वहां हार गए थे, लेकिन बाद में उन्हें टेक्नोक्रेट सीट से विधानसभा के लिए चुना गया था।
असेंबली में कुल 53 सीटें हैं। इनमें से 45 सीटों पर सीधे चुनाव होता है, जबकि आठ सीटें महिलाओं, टेक्नोक्रेट और धर्मगुरुओं के लिए आरक्षित हैं। गिलानी को मुजफ्फराबाद निर्वाचन क्षेत्र में पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के उम्मीदवार सरदार मुख्तार अहमद खान अब्बासी ने हराया था। हारने के बावजूद, नवाज शरीफ की सिफारिश पर गिलानी को टेक्नोक्रेट और पेशेवरों के लिए आरक्षित सीट दी गई।
