'जो बचे हैं संग समेट लो' पाकिस्तानी शो पर भारत में बवाल, Netflix पर रिलीज से पहले क्यों उठी बैन की मांग?
नेटफ्लिक्स के पाकिस्तानी ओरिजिनल शो 'जो बचे हैं संग समेट लो' के ट्रेलर रिलीज के बाद भारत में विवाद खड़ा हो गया है। एआईसीडब्ल्यूए ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

पाकिस्तानी शो को लेकर भारत में विवाद (File Photo)
HighLights
नेटफ्लिक्स के पाकिस्तानी शो 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर विवाद।
भारतीय संगठनों ने प्रधानमंत्री से प्रतिबंध लगाने की मांग की।
पुलवामा हमलों के बाद पाकिस्तानी कंटेंट पर सख्त प्रतिबंध।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेटफ्लिक्स के पहले पाकिस्तानी ओरिजिनल शो 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज से पहले ही भारत में विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को इसका ट्रेलर जारी होने के बाद 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (एआईसीडब्ल्यूए) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चार दिसंबर को रिलीज होने वाला यह शो भारत में भी स्ट्रीम होगा या नहीं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और नेटफ्लिक्स इंडिया को भी भेजे गए इस पत्र में एआईसीडब्ल्यूए अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने पाकिस्तान को आतंकवादी देश बताते हुए कहा कि यह शो देश की भावनाओं और आठ मई 2025 की सरकारी एडवाइजरी के खिलाफ है।
उल्लेखनीय है कि पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तानी कलाकारों और कंटेंट पर सख्त प्रतिबंध लगाए गए थे। बहरहाल, संगठन ने टीवी, सिनेमा और ओटीटी पर पाकिस्तानी कंटेंट दिखाने वालों के खिलाफ कठोर और स्थायी कानून बनाने की मांग की है।
32 संगठनों के महासंघ 'फेडरेशन आफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज' (एफडब्ल्यूआइसीई) ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की बात कही है। अध्यक्ष बी. एन. तिवारी ने स्पष्ट किया कि हमारे लिए देश सर्वोपरि है और पाकिस्तानी कलाकारों का स्वागत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह शो भारत में रिलीज हुआ, तो वे यहां चल रहे नेटफ्लिक्स के सभी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग रुकवा देंगे।
क्या है शो की कहानी और स्टारकास्ट?
मोमिना दुरैद द्वारा निर्देशित यह सीरीज फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसमें 'हमसफर' और 'जिंदगी गुलजार है' से भारतीय दर्शकों के बीच मशहूर हुए फवाद खान, माहिरा खान और सनम सईद फिर से साथ नजर आएंगे। इनके अलावा अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हानिया आमिर और हमजा अली अब्बासी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इटली की पृष्ठभूमि पर बुनी गई यह कहानी हार्वर्ड के ला स्टूडेंट सिकंदर शहरयार और कलाकार लिजा के प्रेम, पारिवारिक टकराव और भावनात्मक संघर्षों को दर्शाती है। नेटफ्लिक्स के अनुसार, तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों वाला यह शो सवाल उठाता है कि क्या हमारे दिलों में बसा प्यार काफी है?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।