यूक्रेन के अहम शहर पोक्रोव्स्क पर रूस ने किया कब्जा, यूक्रेन ने कहा- लड़ाई अभी जारी
रूस ने दावा किया है कि उसकी सेना ने पूर्वी यूक्रेन के पोक्रोव्स्क शहर पर कब्जा कर लिया है, लेकिन यूक्रेन ने इस दावे को खारिज किया है। राष्ट्रपति पुतिन ...और पढ़ें

रूस का यूक्रेन के पोक्रोव्स्क शहर पर कब्जा। (फोटो- रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस ने कहा है कि उसकी सेना ने पूर्वी यूक्रेन के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर पोक्रोव्स्क पर कब्जा कर लिया है और वहां पर महीनों से चल रही लड़ाई बंद हो गई है।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी सेना की सफलता पर खुशी जाहिर की है। कहा है कि इस जीत से रूस के उद्देश्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी। लेकिन यूक्रेन ने पोक्रोव्स्क पर पूर्ण नियंत्रण के रूस के दावे को खारिज किया है। कहा है कि शहर का उत्तरी इलाका अभी भी उसके कब्जे में है और वहां पर लड़ाई जारी है।
युद्ध विराम वार्ता से पहले रूस का बयान आया सामने
रूस की ओर से यह बयान युद्धविराम के सिलसिले में अमेरिकी दूत की वार्ता से पहले आया है। अमेरिकी दूत स्टीव विटकाफ और अमेरिकी राष्ट्रपति के दामाद जेरेड कुशनर यूक्रेन में युद्धविराम के लिए प्रस्तावित अमेरिका की शांति योजना पर वार्ता के लिए मास्को पहुंच चुके हैं। पहले उनकी वार्ता रूसी वार्ताकार किरिल दिमित्रिएव से होगी, उसके बाद वे राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे।
बड़ी संख्या में लोगों ने छोड़ा शहर
युद्ध से पहले पोक्रोव्स्क की आबादी 60 हजार थी लेकिन महीनों चले युद्ध के दौरान ज्यादा लोगों ने शहर छोड़ दिया और वे सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। रूसी सेना ने अपने दावे की पुष्टि के लिए शहर के मुख्य चौराहे पर रूसी झंडा फहराते हुए सैनिकों के वीडियो और फोटो मीडिया में साझा किए हैं। जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे रूस का एक और झूठा प्रचार कहा है।
पोक्रोव्स्क को जीतने का रूस का दावा अगर सही है तो उसे अब डोनेस्क के दो और शहरों- क्रैमेटोर्स्क और स्लोवियांस्क को घेरने में मदद मिलेगी। इन शहरों पर कब्जे के बाद रूसी सेना डोनेस्क प्रांत की ज्यादातर भूमि पर कब्जा कर लेगी, पड़ोसी लुहांस्क प्रांत के ज्यादातर इलाकों पर रूस का पहले ही कब्जा हो चुका है। (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।