विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रिटेन में भारतीयों का दबदबा, वर्क वीजा और सिटीजनशिप की रेस में सबसे आगे

Updated: Fri, 28 Aug 2026 05:16 PM (IST)

यूके होम ऑफिस के नए इमिग्रेशन डेटा के अनुसार, भारतीय ब्रिटेन में वर्क, स्टडी, विजिटर वीजा, सेटलमेंट और नागरिकता हासिल करने में सबसे आगे हैं।

ब्रिटेन में वर्क, स्टडी, टूरिस्ट वीजा, सेटलमेंट और नागरिकता में  भारतीय सबसे आगे

ब्रिटेन में वर्क, स्टडी, टूरिस्ट वीजा, सेटलमेंट और नागरिकता में भारतीय सबसे आगे 

HighLights

  1. भारतीयों को सर्वाधिक 47,009 वर्क वीजा जारी किए गए।

  2. स्टडी वीजा के लिए 89,763 आवेदन, चीन के बाद दूसरे स्थान पर।

  3. 5 लाख से अधिक विजिटर वीजा, 35 हजार सेटलमेंट ग्रांट।

डिजिटल डेस्क, लंदन। यूके होम ऑफिस द्वारा जारी नए इमिग्रेशन डेटा के अनुसार, ब्रिटेन में बसने, वर्क वीजा हासिल करने, स्टडी वीजा के आवेदन करने और बतौर टूरिस्ट यूके जाने वाले विदेशी नागरिकों की सूची में भारतीय सबसे आगे हैं।

जून 2026 को समाप्त हुए वर्ष में, भारतीयों को सबसे अधिक 47,009 वर्क वीजा दिए गए, जो कुल जारी वीजा का 20 प्रतिशत है। इनमें से 37,402 वर्कर वीजा थे।

हालांकि, केयर वर्कर वीजा समाप्त होने और नीतिगत बदलावों के कारण वर्क वीजा की कुल संख्या, 2,34,841, पिछले साल की तुलना में 18 प्रतिशत और दिसंबर 2023 के उच्चतम स्तर से 62 प्रतिशत कम रही।

स्टडी वीजा में भारतीयों के सबसे ज्यादा आवेदन

स्टडी वीजा के मामले में भी भारतीयों ने सबसे अधिक 89,763 आवेदन किए। इनमें से 83,958 वीजा मंजूर किए गए, जो चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। कुल जारी 3,83,455 स्टडी वीजा में चीनी और भारतीय छात्रों की हिस्सेदारी 46 प्रतिशत रही।

विजिटर वीजा, सेटलमेंट और नागरिकता में दबदबा

यूके जाने वाले विदेशी पर्यटकों में भारतीय शीर्ष पर रहे, जिन्हें 5,14,398 विजिटर वीजा जारी किए गए। यह कुल विजिटर वीजा का 24 प्रतिशत है।

इसके अलावा भारतीयों को सबसे बड़े समूह के रूप में 35,384 सेटलमेंट रूट ग्रांट और सबसे ज्यादा 24,851 ब्रिटिश नागरिकता प्रदान की गईं।

अवैध प्रवास और शरण के आंकड़े

कानूनी रास्तों के अलावा 471 भारतीय फ्रांस से रबर की नावों के जरिए अवैध रूप से यूके पहुंचे, जिससे भारत इस श्रेणी में 12वां देश बना।

वहीं 4,964 भारतीयों ने शरण के लिए आवेदन किया, जिनमें से शुरुआती दौर में केवल 30 यानी एक प्रतिशत ही स्वीकार किए गए। इसके अलावा, 3,390 भारतीयों ने अन्य वीजा पर यूके पहुंचने के बाद शरण का दावा किया।

वर्तमान में 2,224 भारतीय टैक्सपेयर के पैसे से चलने वाले शरणार्थी होटलों में रह रहे हैं। इसी अवधि के दौरान भारतीयों के 633 एनफोर्स्ड रिटर्न और 10,226 वॉलंटरी रिटर्न दर्ज किए गए, जो किसी भी देश के नागरिकों में सबसे ज्यादा है।