Yamaha NMax 155 को मिला नया अपडेट, स्कूटर में दिया डाउनशिफ्ट फीचर
यामाहा ने 2026 Yamaha NMax 155 Tech Max को नए YECVT गियरबॉक्स के साथ पेश किया है, जिसमें डाउनशिफ्ट बटन भी है। यह स्कूटर स्पोर्ट और टाउन मोड के साथ आता है। इसमें 155cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन है। भारत में इसके लॉन्च की उम्मीद है, लेकिन वाईईसीवीटी फीचर की उपलब्धता स्पष्ट नहीं है।

Yamaha NMax 155 को नया YECVT गियरबॉक्स मिला।
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। Yamaha ने अपनी पॉपुलर स्कूटर सीरीज में एक बड़ा तकनीकी अपडेट जोड़ा है। कंपनी ने 2026 Yamaha NMax 155 Tech Max को नए YECVT गियरबॉक्स के साथ पेश किया है। दिलचस्प बात यह है कि यह स्कूटर अब डाउनशिफ्ट बटन के साथ आता है, जो आमतौर पर मोटरसाइकिलों में देखने को मिलता है। इस फीचर से राइडर को ओवरटेकिंग या परफॉर्मेंस के दौरान तुरंत ज्यादा टॉर्क और पावर का रिस्पॉन्स मिलेगा। आइए इसके बारे में विस्तार में जानते हैं।
क्या है खास नया YECVT गियरबॉक्स?
नया YECVT (Yamaha Enhanced Continuously Variable Transmission) गियरबॉक्स पारंपरिक CVT सिस्टम से अलग है। इसमें एक डाउनशिफ्ट टॉगल बटनदिया गया है जो लेफ्ट स्विचगियर पर मौजूद है। इस बटन को दबाने से स्कूटर तुरंत स्पोर्ट मोड में शिफ्ट हो जाती है और इंजन हाई रेव्स पर काम करने लगता है, ठीक वैसे जैसे मोटरसाइकिल में गियर डाउन करने पर होता है। इस स्कूटर में दो राइडिंग मोड्स दिए गए हैं, जो Town और Sport है। Sport Mode ज्यादा पावर और तेज रेस्पॉन्स देता है, जबकि Town Mode स्मूद राइडिंग और बेहतर माइलेज के लिए है।
इंजन और फीचर्स
2026 Yamaha NMax 155 Tech Max में वही 155cc, लिक्विड-कूल्ड 4V इंजन दिया गया है, जो Aerox 155 में मिलता है। पावर डिलीवरी अब और भी स्मूद और कंट्रोल्ड हो गई है। इसमें आगे और पीछे दोनों तरफ डिस्क ब्रेक्स हैं, साथ ही एक 4.2-इंच का TFT डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है।
कैसे काम करता है यह नया सिस्टम?
आमतौर पर CVT में गियर रेशियो इनफिनिट होता है, यानी फिक्स्ड गियर्स नहीं होते। Yamaha ने इसमें इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिशन कंट्रोल और हाइड्रॉलिक सिस्टम जोड़ा है, जिससे बेल्ट ड्राइव को दो अलग-अलग रेशियो पर होल्ड किया जा सकता है। इस तरह यह सिस्टम फिक्स्ड गियर जैसा अनुभव देता है, जिससे डाउनशिफ्ट और इंजन ब्रेकिंग दोनों बेहतर महसूस होते हैं।
क्या भारत में लॉन्च होगा?
Yamaha ने फरवरी 2024 में भारत में NMax 155 को शोकेस किया था और सितंबर में इसे टीज भी किया गया था। कंपनी के 11 नवंबर के इवेंट में इसके लॉन्च की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि भारत में आने वाला वेरिएंट नया YECVT डाउनशिफ्ट फीचर वाला होगा या नहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।