Araria News: टू लेन होगी गेरूआ-जोकीहाट पलासी सड़क, स्टेट हाईवे का मिला दर्जा
अररिया जिले के लिए खुशखबरी! गेरूआ-जोकीहाट-पलासी सड़क को स्टेट हाईवे का दर्जा मिला। अब यह सड़क टू-लेन की बनेगी, जिससे यातायात सुगम होगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और कनेक्टिविटी में सुधार होगा। स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।

संवाद सूत्र, जोकीहाट (अररिया)। जोकीहाट प्रखंड का दक्षिण पूर्व सीमा पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड को स्पर्श करता है। अमौर प्रखंड के गेरूआ चौक से दलमालपुर फिर जोकीहाट प्रखंड के कुरसेल पंचायत का बलुआ, चकई, मटियारी, जोकीहाट होकर भाया पलासी कलियागंज सडक को स्टेट हाईवे का दर्जा बिहार सरकार की ओर से मिल गई है।
यह अब टू लेन सड़क होगी। इसके चौड़ीकरण का फायदा जोकीहाट के बलुआ चौक से नगर पंचायत जोकीहाट को जोड़ने वाली सड़क को मिलेगा, जो दशकों से सिंगल सड़क है।
गौरतलब है कि यह सड़क काफी व्यस्त है, लेकिन चौड़ीकरण नहीं होने से वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती है। सिंगल रोड के कारण तेजगति से चलने वाली गाड़ी भी इस मार्ग पर रेंगता नजर आता है।
महलगांव, कुरसेल, पछियारी पिपरा, चौकता, मटियारी, चकई, चैनपुर मसुरिया, चीरह पंचायत के लोगों को जोकीहाट प्रखंड मुख्यालय इसी रास्ते से आना जाना पड़ता है।
इसके अलावा अररिया, किशनगंज व पूर्णिया जिले के लोगों को भी आवागमन में सुविधा होगी। यह 18.04 फीट चौड़ी सड़क दो लेन वाली होगी। इस सड़क की कुल लंबाई 66 किलोमीटर नेपाल सीमा तक होने से नेपाल के सीमा क्षेत्र से लेकर अररिया जिले के पूर्वी भाग पलासी जोकीहाट से किशनगंज, बंगाल को भी जोड़ता है।
इससे व्यापार व रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। चौड़ीकरण होने से पुलिस को भी सुरक्षात्मक कार्यों में सुविधा होगी। गौरतलब है कि बंगाल का दालकोला एक व्यवसायिक केंद्र है, जहां किसान अपने उत्पाद को दालकोला मंडी तक ले जाते हैं। जहां अधिक मुनाफा होता है।
सिंगल रोड होने के कारण लोडेड ट्रक इस रोड से आवागमन नहीं कर सकता है। इस रोड के टू लेन में परिवर्तित होने से जोकीहाट विधानसभा से लेकर नेपाल सीमा तक के लोगों को यातायात, बिजनेस, स्वास्थ्य आदि मामलों में सुविधा होगी। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव द्वारा क्षेत्रीय मुख्य अभियंता व अन्य अधिकारियों की ओर से राज्य उच्च पथ उन्नयन के लिए इस पर प्राथमिक सहमति बनी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।