Bihar: 2 दिनों तक युवक के प्राइवेट पार्ट में डाला पेट्रोल... भवनपुरा पंचायत के मुखिया पर गंभीर आरोप, घर में बंद कर किया प्रताड़ित
Bihar News बिहार के भागलपुर में ज्यादती का बड़ा मामला सामने आया है। यहां बिहपुर में एक युवक के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाले जाने की जानकारी मिली है। भवनपुरा ग्राम पंचायत के मुखिया पर युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दो दिनों तक उसे घर में बंद कर प्रताड़ित किया गया।

संवाद सूत्र, भागलपुर। Bihar News भागलपुर के बिहपुर प्रखंड के झंडापुर थानाक्षेत्र के दयालपुर गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव के युवक नवीन कुमार ने खरीक प्रखंड के भवनपुरा ग्राम पंचायत के मुखिया पर गंभीर आरोप लगाया है। घर में चोरी की एक घटना में नवीन आरोपित है। जबकि नवीन के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में असली चोर साफ नजर आ रहा है। फिर भी मुखिया ने मुझे पकड़ लिया।
नवीन का आरोप है कि मुखिया ने पेट्रोल प्राइवेट पार्ट में डालने का कृत्य किया है। उसे दो दिनों तक अपने घर में कैद रखकर प्रताड़ित किया। मंगलवार को स्वजन नवीन को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष ने ऐसी कोई सूचना नहीं दी है।
गंगा कटाव स्थल के पास बालक का शव मिला
नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र में हुई एक दुखद घटना में अंकित कुमार (5)की गंगा में डूबने से मृत्यु हो गई। वह तिनटंगा दियारा दक्षिण के ज्ञानी दास टोला का निवासी था। सोमवार को खेलते समय घर से बाहर निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। गांव वालों को आशंका थी कि वह गंगा कटाव क्षेत्र की ओर चला गया होगा, क्योंकि उसका घर भी कटाव की चपेट में आ चुका है। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने गंगा नदी के किनारे बच्चे का शव देखा और उसके स्वजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इस घटना से पूरे टोले में शोक की लहर दौड़ गई है। गंगा कटाव के संकट ने तिनटंगा दियारा समेत कई क्षेत्रों में गंभीर रूप ले चुका है।
बाढ़ पीड़ितों का हैंडपंप उखाड़कर ले गया ठेकेदार
घोघा में बाढ़ का कहर अभी जारी ही है कि इसी बीच मंगलवार को घोघा बाजार कुवेदान शाह मजार के सामने बाढ़ पीड़ितों के लिए अंचल द्वारा उपलब्ध कराया अस्थाई हैंडपंप ठेकेदार उखाड़ कर ले गए। इससे बाढ़ पीड़ितों के समक्ष पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। घोघा बाजार एनएच 80 के किनारे रह रहे बाढ़ पीड़ित परिवार छंगाली मंडल, चकतलाल मंडल, नंदलाल मंडल इत्यादि ने कहा कि ममलखा निवासी विनोद मंडल अपने सहयोगियों के साथ आए और हैंडपंप उखाड़ कर अपने साथ लेते गए। इससे उन लोगों के समक्ष पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है।
घोघा के कई गावों मे फिर घुसा बाढ़ का पानी,घर वापसी की टूटी उम्मीद
दोबारा बाढ़ आने से पीड़ितों की परेशानी बढ़ी
घोघा में बाढ़ का कहर दोबारा शुरू हो जाने से पूर्व से ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे पीड़ितों की परेशानी बढ़ गई है। पहली पाली में आई बाढ़ का पानी उतरने के बाद पलायन कर चुके बाढ़ पीड़ितों में घर लौटने की उम्मीद जगी थी। लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर से उनकी घर वापसी की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। मंगलवार को पन्नूचक, दिलदारपुर, संतनगर, ब्रह्मचारी टोला, शाहपुर, जानीडीह, आठगॉवा सहित कई गांवों में पुनः बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। इससे इलाके के लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त सा हो गया है। पूर्व में आई बाढ़ के दौरान से ही बाढ़ पीड़ित रेलवे ट्रैक व सड़क किनारे रह रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि सामुदायिक किचन भी बंद हो चुका है। भोजन पकाने की समस्या हो रही है। वे लोग सूखा भोजन कर समय गुजार रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।