Lalu Yadav की भी मौज ले ली अनुराग ठाकुर ने... चुनाव हारने में राहुल गांधी ने, नौवीं फेल होने में तेजस्वी यादव ने बनाया रिकार्ड
Bihar Politics पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि बिहार मंगलराज से जंगलराज में नहीं जाएगा। भागलपुर में युवा शंखनाद कार्यक्रम में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा 90 चुनाव हारने का रिकार्ड राहुल गांधी और नौंवी फेल होने का रिकार्ड तेजस्वी यादव के नाम दर्ज है। प्रधानमंत्री की मां को गाली देना बिहार के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Politics बिहार मंगलराज से फिर जंगलराज में नहीं जाएगा। बिहार की जनता पुरानी गलती नहीं दोहराएगी। राहुल गांधी चुनाव हारने का रिकार्ड बना रहे हैं। वे 90 चुनाव हार चुके हैं। तेजस्वी यादव नौंवी फेल का रिकार्ड बनाए हैं। उक्त बातें टाउन हाल में आयोजित युवा शंखनाद कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी व तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा पर निकले थे। उनके मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली दी गई। इसे बिहार की जनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यहां की जनता मां को सम्मान देना जानती है। इस बार यहां की जनता राजद व कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। बिहार ने देश को स्वतंत्र कराने का काम किया है। संविधान देने का काम किया। संविधान में फोटो देने का काम किया है। इमरजेंसी के दौरान बिहार से आवाज उठी थी।
इमरजेंसी से उभरे नेता लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल के दौरान बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई। लूट, हत्या, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म, बैलेट लूट, बूथ लूट शुरू हो गई। बिहार में जंगलराज आ गया। बिहार में सड़क नहीं थी। छह घंटे भी बिजली नहीं रहती थी। 1992 में क्रिकेट खेलने समस्तीपुर आया था, तब गांव की बात तो दूर शहर में भी सड़क नहीं थी। सुविधाओं का अभाव था। चारों ओर अराजकता का माहौल था।
2011 में तिरंगा यात्रा के दौरान बिहार आया तो स्थिति बदल रही थी। बिहार के युवा जम्मू कश्मीर के लाल चौक पर झंडा फहराने के सबसे आगे थे। पांच अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर से धारा 370 समाप्त किया गया। लाल चौक सहित अन्य स्थानों पर झंडा फहराया जा रहा है। जम्मू कश्मीर आज भारत का अभिन्न अंग बन गया है।
आज बिहार की स्थिति पूरी तरह बदल गई है। 2014 के पहले मात्र छह हाइवे थे, आज 36 हाइवे हो गए हैं। छह एयरपोर्ट हो गए हैं। 15 सितंबर को पूर्णिया में प्रधानमंत्री एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। भागलपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनेगा। केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण होगा। रेलवे दोहरीकरण के लिए राशि जारी हो गई है।
लालू प्रसाद ने पशुओं का चारा व मुर्गियों का दाना तक नहीं छोड़ा था। सत्ता मद में डूबे लालू प्रसाद ने अपने बेटे को पढ़ने नहीं दिया। 2020 के चुनाव में जो हलफनामा दिया गया, उसमें तेज प्रताप से बड़े तेजस्वी यादव हैं। यह लालू प्रसाद के यहां ही हो सकता है। यहां की जनता फिर से जंगलराज देखना नहीं चाहती है। लालू प्रसाद कई बार जेल जाने के बाद पार्टी के आजीवन अध्यक्ष हैं। राजद की सरकार बनने पर फिर लूट, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ जाएंगी। एक नेता जेल से छूटने के बाद लालू प्रसाद के साथ सेल्फी लेकर पोस्ट किया।
बिहार को तेजी से आगे बढ़ाना चाह रहे हैं। दस लाख की जगह 11 लाख 500 लोगों को नौकरी दी गई। 20 लाख लोगों को रोजगार दिया गया। इस बार एक करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा। ढाई करोड़ बहनों को दस-दस हजार दिया जाएगा। विकासशील राज्य बिहार को विकसित राज्य बनाया जाएगा। अपराध मुक्त बिहार बना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि बूथ जीतेंगे, बिहार जीतेंगे। दो महीने का समय है। इस दौरान कई पर्व-त्योहार हैं। सबसे बड़ा पर्व चुनाव है। इस बार कोई गलती नहीं करनी है। अगर गलती की तो पांच साल त्योहार नहीं मना पाएंगे। पर्व-त्योहार के दौरान अपने बूथ को मजबूत करना है।
सूबे के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में संपूर्ण क्रांति के नारे से सत्ता बदल गई। लालू प्रसाद के शासन में सूबे में नरसंहार होता था। नौजवानों को रोजगार की जगह हथियार थमाया जाता था। जंगलराज में खौफ था। लूट, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म होना आम बात थी। व्यापारी पलायन कर रहे थे। 30 वर्ष के युवाओं ने उस जंगलराज को नहीं देखा। उन्हें बताना होगा। अटल बिहारी वाजपेई ने नीतीश कुमार को बिहार में भय, भूख, भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाने के लिए भेजा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को आतंक मुक्त बिहार बनाने का काम किया। किसान पहले जो अनाज उपजाते थे, उससे लोगों का पेट नहीं भर पाता था। आज हम 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दे रहे हैं। बिजली, पानी, गैस दी जा रही है। राहुल गांधी व तेजस्वी यादव सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। चौथी पुस्त राजनीति में हैं। बिहार की जनता अब वंशवाद, उग्रवाद, आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगी। यह चुनाव बिहार का भविष्य तय करेगा। इस बार बिहार में कमल खिलेगा। कार्यक्रम को भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदू मिश्रा ने भी संबोधित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।