Bihar News: आरा में डबल मर्डर, मिठाई विक्रेता और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या; सड़क किनारे मिले शव
भोजपुर जिले में एक मिठाई दुकानदार और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव बेलघाट गांव के पास सड़क किनारे मिले। मृतकों की पहचान प्रमोद कुशवाहा और उनके बेटे प्रियांशु के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटनास्थल पर शव मिलने के बाद लगी भीड़। (जागरण)
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव नट स्थान के पास शुक्रवार की सुबह मिठाई दुकानदार और उनके पुत्र का शव बरामद किया गया।
गुरुवार की रात दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है। शव सड़क किनारे फेंका मिला है। सिर समेत अन्य भागों में गोलियों के निशान पाए गए हैं।
मृतकों की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी प्रमोद कुशवाहा (45 वर्ष) और उनके पुत्र प्रियांशु कुशवाहा (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
दोनों मृतक जयनगर गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे। प्रमोद कुशवाहा पियनिया बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि वे राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी के कार्यकर्ता भी थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर प्रमोद कुशवाहा को बुलाया। इसके बाद वे अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान से निकले, लेकिन देर रात दोनों घर नहीं लौटे।
स्वजन रातभर उनकी खोजबीन करते रहे। इस बीच शुक्रवार की सुबह बेलघाट गांव के समीप दोनों का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष दीपक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस, मृतकों की बाइक और एक बुलेट बरामद की है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी है।
इधर, भोजपुर एसपी राज ने घटनास्थल पर पहुंच कर दोहरे हत्याकांड का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मृतक के स्वजन से पूछताछ में प्रेम -प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है।
एक परिवार पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस हर एंगल पर पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दौरान एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्रित किए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।