Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में चेकिंग के नाम पर बुजुर्ग महिला से तीन बदमाशों ने की ठगी, 8 लाख रुपए के लूटे कंगन

    Updated: Mon, 13 Oct 2025 05:05 AM (IST)

    दरभंगा के शास्त्री चौक पर 70 वर्षीय महिला से चेकिंग के बहाने तीन बदमाशों ने आठ लाख रुपये के सोने के कंगन ठग लिए। महिला सब्जी खरीदने निकली थी, तभी बदमाशों ने उसे घेरकर कंगन उतरवा लिए और नकली कंगन थमा दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image

    चेकिंग का झांसा दे वृद्धा से बदमाशों ने उड़ा लिए आठ लाख के कंगन। सांकेतिक तस्वीर

    जागरण संवाददाता, दरभंगा। कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक के पास 70 वर्षीया महिला से तीन बदमाशों ने चेकिंग का झांसा देकर आठ लाख के कंगन उड़ा लिए और फरार हो गए।

    कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक निवासी बजरंग लाल की पत्नी राजो देवी ने बताया कि वे प्रतिदिन की भांति रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे घर से निकली। करीब 50 मीटर की दूरी पर शास्त्री चौक से सब्जी खरीदने गई थीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहले से रेकी कर रहे तीन बदमाशों ने चेकिंग होने की बात कहकर घेर लिया। कहा कि चुनाव के समय चारों ओर बहुत चेकिंग हो रही है। सोने का कंगन पहनकर क्यों निकली हैं। इसको उतार दीजिए।

    महिला के दोनों हाथ से सोने के कंगन उतरवा लिए। इस दौरान हाथ की सफाई दिखाते हुए सोने के कंगन को अपनी जेब में डाल लिया और रूमाल में लपेटकर लोहे का कंगन उसे दे दिया। इस दौरान बदमाशों ने उन्हें काफी भयभीत कर दिया।

    उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी किसी को मत देना, नहीं तो फंस जाओगी। इसके बाद तीनों बदमाश पैदल ही म्यूजियम गुमटी की ओर चले गए और आगे अपनी बाइक पर बैठकर दोनार की ओर फरार हो गए।

    इनमें दो बदमाश सफेद रंग और एक बदमाश प्रिंटेड शर्ट पहने हुए था। बदमाशों के जाने के बाद महिला ने जिज्ञासा वश रुमाल को खोलकर देखा तो उसे ठगे जाने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने अगल-बगल के लोगों को इसकी जानकारी दी।

    महिला ने बताया कि हीरा जड़ित सोने के दो कंगन करीब आठ लाख रुपये के थे। कोतवाली थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि महिला का आवेदन प्राप्त हुआ है।

    महिला को झांसा देकर ठगों ने सोने का कंगन ले लिया और उन्हें नकली कंगन थमा दिया। सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।