Bihar Election 2025: मिथिलांचल में 10 से अधिक सीटों पर चुनौती दे रहे बागी, समझें चुनावी समीकरण
मिथिलांचल में दस से अधिक सीटों पर बागी उम्मीदवार प्रत्याशियों के लिए चुनौती बने हुए हैं। दरभंगा के जाले में कांग्रेस प्रत्याशी के सामने बागी मशकुर अहमद उस्मानी मैदान में हैं। गौड़ाबौराम में वीआईपी और राजद के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। कुशेश्वरस्थान में जदयू प्रत्याशी के खिलाफ लोजपा (आर) की अंजू देवी निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। अमित शाह ने कई बागी नेताओं को मनाया, जबकि कुछ अभी भी मैदान में हैं।

मिथिलांचल में 10 से अधिक सीटों पर चुनौती दे रहे बागी
मृत्युंजय भारद्वाज, दरभंगा। मिथिलांचल में 10 से अधिक सीटों पर बागी खेल बिगाड़ने में लगे हैं। ये प्रत्याशियों के लिए चुनौती बन रहे हैं। कुछ जगहों पर पार्टियों ने डैमेज कंट्रोल किया है, लेकिन अधिकांश पर बगावती सुर है। दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि मिश्रा मैदान में हैं।
उनके सामने बागी मशकुर अहमद उस्मानी चुनौती पेश कर रहे हैं। प्रत्याशी के खिलाफ जाले प्रखंड कांग्रेस एवं राजद ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ता उस्मानी के समर्थन में दिख रहे हैं।
अलीनगर से भाजपा से मैथिली ठाकुर की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद भाजपा नेता संजय कुमार सिंह पप्पू ने निर्दलीय मैदान में उतरने की घोषणा कर दी थी। नाजिर रसीद भी कटा ली थी, लेकिन नामांकन से पहले पार्टी ने डैमेज कंट्रोल कर लिया।
हायाघाट में भाजपा के बागी नेता रमेश कुमार चौधरी ने तामझाम के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के समझाने पर अपना नामांकन वापस ले लिया। अब वे भाजपा प्रत्याशी डॉ. रामचंद्र प्रसाद के साथ मंच साझा कर रहे हैं।
दरभंगा की गौड़ाबौराम सीट पर माहौल गर्म
गौड़ाबौराम सीट पर माहौल सर्वाधिक गर्म है। महागठबंधन के वीआईपी से संतोष सहनी और राजद के अफजल अली खान आमने-सामने हैं। दोनों ही खुद को महागठबंधन का अधिकृत उम्मीदवार बता रहे हैं।
कुशेश्वरस्थान में एनडीए की ओर से जदयू प्रत्याशी अतिरेक कुमार के खिलाफ लोजपा (आर) महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू देवी निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में चुनौती दे रही हैं।
खत्म हुआ बाबूबरही का पेच:
मधुबनी के राजनगर से टिकट कटने के बाद पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रीत पासवान एवं लौकहा सीट से लड़ने के लिए तैयार झंझारपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषिकेश राघव को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मना लिया है। वहां जदयू के प्रत्याशी हैं।
बाबूबरही में महागठबंधन में पेच फंसा था। राजद से अरुण कुशवाहा और वीआईपी से जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव ने नामांकन किया था। अब बिंदु गुलाब यादव ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। बेनीपट्टी में भाजपा के चिकित्सा प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक डॉ. बी. झा मृणाल बागी बनकर निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं।
हरलाखी में महागठबंधन की ओर से सीपीआइ के राकेश पांडेय मैदान में हैं। 2015 में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे मो. शब्बीर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर, विभूतिपुर, रोसड़ा, समस्तीपुर सीट पर भाजपा और जनसुराज के बागी डटे हैं। भाजपा से निवर्तमान जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा उजियारपुर से मैदान में डटे हैं। नाम वापसी की तिथि समाप्त होने के साथ प्रचार-प्रसार जोड़ पकड़ रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।