Nepal Gen Z Protest: हवाई यात्रा करने वालों के लिए बुरी खबर, त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अनिश्चितकाल के लिए बंद
Nepal Gen Z Protest त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रशासन द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि अभी देश की स्थिति सही नहीं है। सेना की ओर से कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसकी वजह से आवागमन में परेशानी हो रही है। इसको देखते हुए हवाई अड्डा को नहीं खोलने की घोषणा की गई है। स्थिति सामान्य होने की प्रतीक्षा की जा रही है।

जागरण संवाददाता, वीरगंज (नेपाल)। त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय विमानस्थल दूसरे दिन भी बंद रहा। मंगलवार से शुरू हुआ बंद अब अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। विमानस्थल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगली सूचना तक उड़ान संचालन नहीं होगा।
प्रशासन द्वारा जारी सूचना में कहा गया कि विषम परिस्थितियों के कारण हवाई अड्डा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इससे देश के आंतरिक और बाह्य दोनों तरह के उड़ान संचालन प्रभावित हुए हैं।
बुधवार को दोपहर 12 बजे तक हवाई अड्डा खोलने की घोषणा की गई थी, लेकिन हालात सामान्य न होने से निर्णय बदल दिया गया। यात्रियों को फिलहाल काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उड़ानों के रद्द होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित है।
मिथिला एक्सप्रेस ट्रेन में नहीं दिखे नेपाली यात्री
मोतिहारी : भारत के पड़ोसी देश नेपाल की बदली आहो हवा से भारतीय निराश हैं। क्योंकि भारत-नेपाल का संबंध बेटी-रोटी का है। भारत के कई राज्यों की नेपाल से लगने वाली सीमा से दोनों देश के लोगों का आवागमन कई साधनों से होता है।
भारत के बिहार राज्य के कई जिलों की भी सीमाएं नेपाल से सटी है। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे देश के विभिन्न प्रांतों की यात्रा ट्रेन, बस या चार पहिया वाहनों से करते हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का सीमावर्ती अनुमंडल रक्सौल
से पश्चिम बंगाल के हावड़ा के लिए खुलने वाली एकमात्र ट्रेन मिथिला एक्सप्रेस से नेपाल के विभिन्न शहर के लोग यात्रा करते हैं, लेकिन नेपाल की वर्तमान स्थिति के कारण रेलवे पर व्यापक स्तर पर असर पड़ा है।
बुधवार को रक्सौल से खुलकर मोतिहारी होते हुए हावड़ा को जाने वाली मिथिला एक्सप्रेस का आन द स्पाट जायजा लिया गया। ट्रेन अधिकांश एसी बोगियों में सन्नाटा पसरा था। इन सभी बोगी में नेपाली यात्री नजर नहीं आए।
अन्य बोगियों में यात्री दिखे जिसमें अधिकांश यात्री रक्सौल अनुमंडल के ही थे। नेपाल की वर्तमान स्थिति से पूर्व रक्सौल से ही मिथिला एक्सप्रेस ट्रेन में नेपाली यात्री अच्छी संख्या में दिख जाते थे।
लेकिन स्थिति वो नहीं थी। ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों ने बताया कि नेपाल की स्थिति बहुत ही खराब है। सैकड़ों नेपाली नागरिक और नेपाल प्रशासन के अधिकारी व कर्मी भाग कर भारत में शरण लिए हुए हैं। प्रदर्शनकारी नेपाल में सरकारी भवनों को निशाना बनाकर आगजनी और लूटपाट कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।