गया में विजय जुलूस के दौरान दो समुदायों में पथराव, धार्मिक स्थल क्षतिग्रस्त; 14 नामजद सहित 50 पर FIR
गया के बेलागंज में विजय जुलूस के दौरान दो समुदायों में हिंसक झड़प हो गई। पथराव में एक धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में 14 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, और कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। इलाके में पुलिस बल तैनात है।

विजय जुलूस के दौरान दो समुदायों में पथराव
संवाद सूत्र, बेलागंज (गया)। विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बेलागंज थाना क्षेत्र के दादपुर टोला फरीदपुर में निकाले जा रहे विजय जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक रूप ले लिया। पथराव में एक धार्मिक स्थल को आंशिक क्षति पहुंची।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ जिला के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। शुक्रवार देर शाम एनडीए प्रत्याशी मनोरमा देवी की विजय के उपरांत दादपुर गांव के समर्थक डीजे की धुन पर विजय जुलूस निकाल रहे थे।
जुलूस में शामिल लोगों से कहासुनी
जुलूस गांव होते हुए सुंदरपुर की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान फरीदपुर गांव के समीप जुलूस में शामिल लोगों और स्थानीय निवासियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते–देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
14 नामजद तथा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR
घटना को लेकर फरीदपुर निवासी मो. औरंगजेब की शिकायत पर बेलागंज थाना में दादपुर गांव के 14 नामजद तथा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने रात में ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सशस्त्र पुलिस बल को घटनास्थल पर कैंप किया गया है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।