बरौली में ‘ब्लू फैक्टर’: बसपा ने बदला खेल, जदयू के मनजीत सिंह ने मार ली बाजी
बरौली विधानसभा चुनाव में जदयू के मनजीत सिंह ने जीत दर्ज की। बसपा के रेयाजुल हक ने राजद के वोट बैंक में सेंध लगाई, जिससे मुकाबला पलट गया। एनडीए की एकजुटता और विकास कार्यों ने जदयू की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेयाजुल हक का बसपा से चुनाव लड़ना गेमचेंजर साबित हुआ और तीसरे मोर्चे ने चुनाव को नया रंग दिया।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बरौली विधानसभा में इस बार समीकरण वैसे नहीं चले, जैसे महागठबंधन उम्मीद कर रहा था। यहां एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी मनजीत सिंह ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन इस जीत-हार की कहानी का सबसे बड़ा किरदार बसपा का “ब्लू फैक्टर” रहा। शुरुआती रुझानों में राजद के दिलीप सिंह बढ़त बनाए हुए थे।
पांचवें राउंड तक मुकाबला बेहद रोमांचक था और स्थिति लगभग बराबरी पर आ गई थी। लेकिन 10वें राउंड के बाद चुनाव का पासा पूरी तरह उलट गया और जदयू के मनजीत सिंह ने लगातार बढ़त बनानी शुरू की, जो अंत तक नहीं टूटी। आखिरकार उन्होंने 12,374 वोटों से निर्णायक जीत दर्ज की। जदयू को मिले 88,657 वोट, जबकि राजद के खाते में 76,283 वोट आए।
सबसे बड़ा राजनीतिक झटका महागठबंधन को उस समय लगा जब बसपा प्रत्याशी रेयाजुल हक उर्फ राजू ने 13,397 वोट हासिल कर राजद के वोट बैंक को बड़ी चोट पहुंचाई। कभी राजद के कद्दावर नेता रहे रेयाजुल हक टिकट कटने के बाद बसपा से मैदान में आए और उनका ये कदम बरौली में चुनाव का गेमचेंजर साबित हुआ।
उधर, एनडीए ने भी बड़ा दांव खेला। भाजपा ने अपने निवर्तमान विधायक रामप्रवेश राय का टिकट काटकर जदयू के मनजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया।
यह फैसला जोखिम भरा जरूर था, लेकिन एनडीए की एकजुटता, राज्य सरकार के विकास कार्य और मनजीत सिंह की स्थानीय पकड़ ने इस जोखिम को भारी जीत में बदल दिया। बरौली के परिणाम साफ बताते हैं कि यहां लड़ाई सिर्फ जदयू वर्सेज राजद नहीं थी, बल्कि तीसरे मोर्चे ने पूरे चुनाव को नया रंग दिया और अंततः मनजीत सिंह विजेता बनकर उभरे।
| क्र. | प्रत्याशी का नाम | पार्टी | प्राप्त मत |
|---|---|---|---|
| 01. | मनजीत कुमार सिंह | जदयू | 88,657 |
| 02. | दिलीप कुमार सिंह | राजद | 76,283 |
| 03. | फैज अहमद | जन सुराज | 2,911 |
| 04. | रेयाजुल हक उर्फ राजू | बसपा | 13,397 |
| 05. | रुदल महतो | राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी | 574 |
| 06. | मंजू कुमारी | निर्दलीय | 691 |
| 07. | सोनू कुमार | निर्दलीय | 4,804 |
| 08. | कृष्णा शाह | निर्दलीय | 650 |
| 09. | सीता देवी | निर्दलीय | 2,204 |
| 10. | नोटा | — | 4,006 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।