Vegetable Price Hike: सब्जियों की कीमतों से किचन का बजट गड़बड़, परवल 100 के पार तो टमाटर के लोगों के चेहरे कर रहे लाल
गोपालगंज में भारी बारिश के बाद सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी परेशान है। बाजार में कोई भी हरी सब्जी 60 रुपये प्रति किलो से कम नहीं है। परवल 100 रुपये किलो और गोभी 120 रुपये किलो बिक रही है। टमाटर भी 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है। व्यापारियों के अनुसार, त्योहारों के कारण कीमतों में कमी की संभावना नहीं है, जिससे किचन का बजट बिगड़ गया है।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। अक्टूबर माह की शुरुआत में हुई जोरदार वर्षा के बाद एक बार फिर से सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। ऐसे में लोगों की थाली से सब्जी गायब होने लगी है। पिछले दस दिनों में प्रत्येक सब्जी की कीमत बढ़ी है। करेला तो करेला, अब तो भिंडी का स्वाद भी लोगों को कड़वा लगने लगा है।
पिछले कुछ दिन से अचानक हरी सब्जियों के दामों में हुई बढ़ोतरी से आम और खास, दोनों वर्ग के लोग परेशान हो उठे हैं। स्थिति यह है कि वर्तमान समय में बाजार में कोई भी हरी सब्जी 60 रुपये प्रति किलोग्राम से नीचे नहीं है।
परवल 100 रुपया किलो बिक रहा
बाजार में 70 रुपया किलो बैगन और भिंडी 70-80 रुपया किलो के दाम सुन कर ही सब्जी खरीदने मंडी जाने वाले लोगों के होश उड़ जा रहे हैं। इस समय बाजार में गोभी 120 रुपया किलो तो परवल 100 रुपया किलो बिक रही है।
हर सब्जी के स्वाद में तीखापन लाने के काम आने वाली हरा मिर्च की कीमत सब्जियों के स्वाद को फीका कर दे रही है। बाजार में टमाटर की कीमत 60 रुपया किलो पहुंच गई है, जबकि आलू व प्याज दोनों की कीमत 24 रुपये है।
सब्जी व्यवसायियों की मानें पर्व त्योहार व चुनाव को देखते हुए सब्जियों की कीमत में अगले एक माह के दौरान कमी आने की संभावना नहीं है।
किचन का बजट गड़बड़ाया
लगातार बढ़ती खाद्य सामग्री की कीमतों से किचन का बजट गड़बड़ हो गया है। गृहिणी लगातार बढ़ रही सामानों की कीमत से परेशान हैं। अधिवक्ता नगर की पूनम देवी बताती हैं कि सब्जी की कीमत बढ़ी है।
इसी प्रकार आटा, दाल, मसाला आदि की कीमत प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस अवधि में आमदनी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
जानें सब्जी की कीमत
सब्जी | कीमत (रुपये) |
---|---|
नेनुआ | 75-80 |
भिंडी | 70-80 |
परवल | 100 |
कद्दू | 55-60 (प्रति पीस) |
करेला | 55-60 |
आलू | 24-25 |
प्याज | 24-25 |
टमाटर | 60 |
हरी मिर्च | 100 |
गोभी | 120 |
बैगन | 70 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।