Bihar Weather Update: दिन और रात के तापमान में 11 डिग्री का अंतर, बीमारी बढ़ने की आशंका
अरवल में दिन और रात के तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस का अंतर होने से जनजीवन प्रभावित है। बदलते मौसम के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने और मौसम के साथ तालमेल बिठाने की सलाह दी है। सदर अस्पताल में मरीजों के लिए कंबल उपलब्ध कराए गए हैं।

तापमान में बदलाव से बीमारी बढ़ने की आशंका
जागरण संवाददाता, अरवल। सोमवार को दिन और रात के तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। चार बजे भोर में 19 डिग्री और दिन के 2 बजे 30 डिग्री सेल्सियस रहा। 12 अक्टूबर रविवार को दिन में अधिकतम 30 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था।
तापमान में ज्यादा अंतर रहने के कारण आम जन जीवन प्रभावित हो रही हैं। भोर में गुलाबी ठंड पड़ने के कारण कमरों का पंखा बंद करनी पड़ रही है या उसकी गति कम करनी पड़ रही है। रात में टी शर्ट या शट पहनकर लोग सो रहे हैं।
भोर में चादर ओढ़ना पड़ रहा है। फ्रिज का पानी भी कम ही लोग पी रहे हैं। भोर में खेत से सब्जी तोड़ने वाले किसानों के हाथ की अंगुलियां ठंडी हो जा रही है। मौसम में यह बदलाव अपने साथ तमाम बीमारियां ला रहा है।
दिन की तीखी धूप में बाहर निकलने पर गर्मी लग रही है। शाम में बाइक चलाने पर ठंड महसूस हो रही है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ उमेश प्रसाद ने बताया कि उतरती व चढ़ती ठंड सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे में इससे बचाव करना और मौसम के साथ समन्वय स्थापित करना जरूरी है।
सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज बढ़े
मौसम में नमी आने के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज के संख्या में बढ़ोतरी हुई है। चिकित्सक डॉ पंकज कुमार ने बताया कि मौसम के बदलने से वायरल फीवर, खांसी के साथ एलर्जी की संभावना बढ़ जाती हैं।
ऐसे में अस्थमा, सांस रोग से पीड़ित की समस्या बढ़ सकती हैं। गर्म पानी पीना, ताजा भोजन करना और ठंड जब भी लगे उससे बच के रहना चाहिए। बूढ़े लोगों और बच्चों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
सदर अस्पताल में मरीजों के लिए उपलब्ध है कंबल
सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए कंबल उपलब्ध है। सदर अस्पताल प्रबंधक मो रिजवान ने बताया कि अभी जिन मरीजों को कंबल की जरूरत हो रही है उन्हें मिल रहा है और कंबल मंगवाने के लिए सूची तैयार की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।