Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Election: जमुई में 'लालटेन' और 'कमल' में सीधी टक्कर, जनसुराज बिगाड़ सकती है खेल

    Updated: Sat, 08 Nov 2025 04:36 PM (IST)

    जमुई में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। यहां राजद और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। राजद जहां दूसरों के प्रदर्शन पर उम्मीद लगाए बैठी है, वहीं भाजपा अपने विकास कार्यों के आधार पर जीत का दावा कर रही है। चुनाव में स्थानीय मुद्दे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

    Hero Image

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    अरविंद कुमार सिंह, जमुई। अस्तित्व काल से ही चुनाव परिणामों से चौंकाने वाले जमुई विधानसभा क्षेत्र में इस बार खुद से ज्यादा दूसरों से उम्मीदें हैं।

    लखीसराय जिला के अलावा सिकंदरा और झाझा विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं को छूती हुई जमुई की सीमा में मतदाताओं का मिजाज कभी किसी से बंधकर नहीं रहा है। इसकी बानगी पहले चुनाव से ही दिखने लगी थी। राजतंत्र समाप्त हुआ भी नहीं था कि पहले चुनाव में ही राजघराना परिवार के कुमार कालिका सिंह को भी दुर्गा मंडल के सामने हार का सामना करना पड़ा था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भोला मांझी, त्रिपुरारी प्रसाद सिंह, नरदेव भगत, सुशील कुमार सिंह, अर्जुन मंडल, नरेंद्र सिंह और अभय सिंह की कर्मभूमि में इस बार भी लड़ाई रोचक है।

    यहां कमल और लालटेन के बीच सीधी टक्कर है लेकिन जनसुराज और निर्दलीय अमरेंद्र कुमार तीसरा कोण बनाने में लगे हैं। इसमें कितनी कामयाबी मिल पाएगी, यह तो वक्त बताएगा लेकिन दूसरी तरफ उम्मीद की किरण अवश्य बने हैं।

    शायद यही वजह है कि एनएच 333 ए के किनारे चौडीहा गांव के समीप लाइन होटल पर मौजूद पीरा नर्वदा के मो इसराफिल अंसारी कहते हैं कि जनसुराज के अनिल साह और निर्दलीय अमरेंद्र सिंह उर्फ खोखन सिंह को इतना वोट अवश्य मिलेगा की परिवर्तन की राह अर्थात शमशाद की जीत आसान हो जाएगी।

    उनकी बात का समर्थन नर्वदा गांव के मुन्ना भी करते हैं। दोनों एक स्वर में कहते हैं कि इस बार तो माई समीकरण के साथ पान समाज भी जुड़ गया है। इसलिए मुकाबला रोचक होगा।

    यहीं, मौजूद राजेंद्र यादव और रंजन यादव भी समीकरण को लेकर हामी भरते हैं और युवा नेतृत्व को मौका देना चाहते हैं। चौडीहा में ही शिवनंदन कुमार और ध्रुव कुमार भी परिवर्तन के पक्षधर मिल जाते हैं।

    यहां से आगे अगहरा मुख्य रूप से अतिपिछड़ा, दलित और गिने चुने अगड़ी जाति के लोगों की बस्ती है। यहां चाय की दुकान पर सुरेश राम, भोला पांडे, पप्पू राम, प्रभु राम आदि एक स्वर से विकास की कड़ी को जोड़े रखने पर जोर देते हैं। डीलर की अनाज कटौती पर उन लोगों की नाराजगी तो है लेकिन यह भी कहते हैं कि सरकार तो दे ही रही है।

    डीलर डंडी मार देता है तो उसकी सजा सरकार को नहीं देंगे। यहीं कपड़े की दुकान पर खरीदारी कर रही बरुअट्टा मुसहरी की सुदामा देवी और मीना देवी को स्वरोजगार के लिए सरकार से 10 हजार रुपये की सहायता मिल चुकी है। लिहाजा वह आगे भी इस सिलसिला को जारी रखने के सवाल पर वोट देगी।

    साथ में मौजूद शांति देवी को सहायता राशि मिली तो नहीं लेकिन उम्मीद बरकरार है। सुनीता देवी की नजर में महिलाओं की हितैषी सरकार है। महिसौड़ी चौक पर दुकानदार विजय कुमार कंफ्यूज हैं कि लड़ाई में दूसरे नंबर पर परिवर्तन वाली कौन सी पार्टी है।

    पास ही मौजूद सैलून संचालक की राय थोड़ी अलग होती है और वह लड़ाई में लालटेन को ही मानते हैं। बिहार गांव के रतन सिंह तथा कटौना के संजय सिंह सरकार के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं और जनता का आशीर्वाद मिलने को लेकर भी आश्वस्त हैं।

    उनका मानना है कि अनिल साह और अमरेंद्र सिंह के चुनाव मैदान होने का एनडीए को नुकसान है तो पप्पू मंडल की पत्नी सुजाता सिंह तथा पूर्व विधायक अजय प्रताप के नहीं होने का लाभ भी है। दोनों को तकरीबन 33 हजार मत मिले थे। यह मत एनडीए का आधार वोट रहा है।

    चोरमारा की कारी देवी कहती हैं सरकार ने महिलाओं के लिए बहुत कुछ किया है। लेकिन, मेरे गांव में बिजली और पानी की समस्या कायम है। नक्सली मांद के रूप में चर्चित गुरमाहा के कृष्णा सोरेन और मनोज सोरेन ने कहा कि अब गांव में शांति है। सरकार ने गांव को नक्सल मुक्त बना दिया है। लिहाजा वोट तो देना बनता है।

    2020 विधानसभा चुनाव

    प्रत्याशी - दल - प्राप्त मत - प्रतिशत
    श्रेयसी सिंह - भाजपा - 79603 - 43.89
    विजय प्रकाश - राजद - 38554 - 21.26
    शमशाद आलम - जाप - 17800 - 9.81
    सुजाता सिंह - निर्दलीय - 17502 - 9.65
    अजय प्रताप - रालोसपा - 15712 - 8.66

    2015 विधानसभा चुनाव

    प्रत्याशी - दल - प्राप्त मत - प्रतिशत
    विजय प्रकाश - राजद - 66577 - 42.24
    अजय प्रताप - भाजपा - 58328 - 37.01
    रविंद्र मंडल - निर्दलीय - 8267 - 5.24
    अनिल कुमार सिंह - निर्दलीय - 4094 - 2.7
    संजीत पांडे - 3985 - 1.99

    2010 विधानसभा चुनाव

    प्रत्याशी - दल - प्राप्त मत - प्रतिशत
    अजय प्रताप - जदयू - 60130 - 49.37
    विजय प्रकाश - राजद - 35663 - 29.28
    अर्जुन मंडल - कांग्रेस - 11687 - 9.60
    महावीर यादव - निर्दलीय - 4639 - 3.81
    प्रकाश भगत - निर्दलीय - 2502 - 2.05