दो विधायकों का गांव, फिर भी गंदगी और जलजमाव से जूझ रहा
बिहार का एक गांव दो विधायकों के बावजूद गंदगी और जलजमाव से परेशान है। नालियों की सफाई न होने से सड़कों पर पानी जमा रहता है, जिससे बीमारियां फैलने का डर है। ग्रामीणों ने शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। विधायकों का कहना है कि वे विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी है।

दो विधायकों को देने वाले गांव में कई सुविधाओं का अभाव
जागरण संवाददाता, भभुआ। सदर प्रखंड का अखलासपुर गांव काफी चर्चित है। यह पंचायत भी है। यहां से दो विधायक भी हुए वह भी सिर्फ एक बार नहीं बल्कि दो और तीन बार। यह गांव भभुआ विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है और जिला मुख्यालय से महज दो किमी की दूरी पर है। लेकिन यहां कई सुविधाओं का अभाव है।
गांव की कई गलियां कच्ची है और जलजमाव की समस्या है। गांव में जगह-जगह गंदगी है और ओडीएफ अभियान भी सफल नहीं है। हालांकि यहां के दोनों विधायकों ने अपने-अपने समय में कई कार्य कराए।
अपने गांव के साथ ही क्षेत्र के विकास में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए, लेकिन आज यह गांव कई सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। जबकि इस गांव की आबादी लगभग आठ हजार है और यह गांव अब शहर से काफी नजदीक हो गया है।
राजनीति में सक्रिय रहा है यह गांव
भभुआ विधानसभा क्षेत्र में आने वाला यह गांव राजनीति में काफी सक्रिय रहा है। वर्ष 2010 में लोजपा से यहां के स्व. डॉ. प्रमोद सिंह चुनाव लड़े और जीत हासिल की। इसके पूर्व दो बार वे विधायक बने थे।
जबकि इसी गांव के स्व. रामलाल सिंह कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के टिकट पर दो बार विधायक बने। भभुआ विधानसभा क्षेत्र में होने वाले चुनाव में यहां के मतदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
गांव में गंदगी व जलजमाव की समस्या है गंभीर
गांव में गंदगी व जलजमाव की समस्या गंभीर है। गांव में कुछ वार्ड के लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति नारकीय हो जाती है। जबकि गंदगी से पूरे वर्ष सामना करना पड़ता है।
गांव के कुछ वार्डों की गलियों का निर्माण करा दिया गया है। जबकि कुछ गलियों का निर्माण अभी बाकी है। नाली का निर्माण हुआ है, लेकिन नालियों की हालत भी अब जर्जर हो गई है।
अखलासपुर गांव के बाहर से होकर जाने वाले बाइपास मार्ग में जलजमाव की समस्या है। यह समस्या यहां पूरे वर्ष की हो गई है। जबकि यह बाइपास मार्ग काफी व्यस्त सड़क है।
अंगद सिंह कहते हैं कि गांव में विकास हुआ है। पूर्व विधायक स्व. डॉ. प्रमोद सिंह के कार्यकाल में गांव का ही नहीं भभुआ विधानसभा क्षेत्र का विकास हुआ है। इधर जो भी कार्य हुआ है वह पंचायत स्तर से हुआ है।
शशिकांत सिंह कहते हैं कि जब भभुआ विस के विधायक स्व. डा. प्रमोद सिंह थे तो वे जनता की समस्याओं का समाधान करते थे। उनके कार्यकाल में भभुआ व रामपुर प्रखंड में कई विकास के कार्य हुए। जिससे जनता को आज भी लाभ मिल रहा है। लेकिन अब जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।