Bihar Election 2025: विरोध में आगे लेकिन बीएलए बनाने में फिसड्डी, कोढ़ा में कांग्रेस का स्कोर शून्य
कटिहार में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) बनाने में कांग्रेस चौथे स्थान पर है जबकि राजद सबसे आगे है। कोढ़ा में कांग्रेस और जदयू का प्रदर्शन शून्य रहा। मनिहारी में कांग्रेस का कब्जा है लेकिन जदयू के सबसे अधिक बीएलए हैं। बलरामपुर में राजद को एक भी बीएलए नहीं मिला। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में चार पर राजग और तीन पर महागठबंधन का कब्जा है।

आशीष सिंह चिंटू, कटिहार। गहन पुनरीक्षण अभियान पर हो-हल्ला मचाने वाली पार्टियों को लीड कर रही कांग्रेस बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) बनाने में जिले में चौथे पायदान पर खड़ी है। उसके साथ सूर से सूर मिलने वाली वामपंथी पार्टियां खाता भी नहीं खोल सकी है।
अलबत्ता चुनावी मैदान में पीछे रहने वाला आरजेडी बूथ लेवल एजेंट बनाने में सबसे आगे है। हालांकि राजद को भी शत प्रतिशत मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त करने में सफलता नहीं मिल पाई है।
कोढ़ा में चुनावी धुरी रही कांग्रेस (धुरी इसलिए क्योंकि यहां अब तक हुए 14 चुनाव में सात बार कांग्रेस जीती है जबकि सात बार दूसरे नंबर पर रही है) बीएलए नियुक्त करने में जीरो पर आउट है।
20 वर्षों से बिहार में सत्तारूढ़ जदयू की भी यहां वही स्थिति है। बलरामपुर में राजद को लालटेन लेकर खोजने पर भी एक भी बीएलए नहीं मिला है। कटिहार जिले के सात विधानसभा क्षेत्र में चार पर राजग गठबंधन जबकि तीन पर महागठबंधन का कब्जा है।
पिछले दो चुनाव से कदवा व मनिहारी विस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है जबकि बलरामपुर सीट पर सीपीआई माले के विधायक हैं। बरारी विस पर जदयू और शेष कटिहार, प्राणपुर और कोढ़ा पर भाजपा का कब्जा है।
मनिहारी में कांग्रेस का कब्जा, जदयू का सबसे अधिक बीएलए
मनिहारी सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। यहां सबसे अधिक बीएलए जदयू के 308 है। दूसरे स्थान पर 304 के साथ राजद है। कांग्रेस के खाते वाली कदवा विधानसभा में कांग्रेस के सबसे अधिक 285 बीएलए हैं।
बलरामपुर में कांग्रेस व जदयू बराबरी पर हैं। बरारी में बीजेपी और जदयू लगभग बराबरी पर टिके हैं। जदयू का एक बीएलए अधिक है।
सात विधानसभा में बीएलए की संख्या बूथ वार
विस | बूथ | भाजपा | कांग्रेस | राजद | जदयू |
---|---|---|---|---|---|
कटिहार | 339 | 42 | 164 | 291 | 97 |
कदवा | 338 | 276 | 285 | 279 | 262 |
बलरामपुर | 412 | 262 | 351 | 0 | 351 |
प्राणपुर | 379 | 230 | 329 | 326 | 330 |
मनिहारी | 380 | 285 | 280 | 304 | 308 |
बरारी | 341 | 274 | 160 | 270 | 275 |
कोढ़ा | 353 | 282 | 0 | 300 | 0 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।