Bihar Election 2025: 'अगले 5 साल में विकसित राज्य बनेगा बिहार', चिराग पासवान का दावा
खगड़िया में, चिराग पासवान ने एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में कहा कि बिहार में फिर से डबल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से एनडीए को वोट देने की अपील की और महागठबंधन पर निशाना साधा। पासवान ने सरकार के विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार अगले पांच वर्षों में विकसित राज्य बनेगा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी आज खगड़िया में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

चिराग पासवान। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। खगड़िया के बेलदौर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चौथम दुर्गा स्थान के प्रांगण में मंगलवार को लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए के जदयू प्रत्याशी पन्नालाल सिंह पटेल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि, राज्य में पुन: डबल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से एक-एक मत पन्नालाल सिंह पटेल को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि, महागठबंधन में जब घटक दलों को ही सम्मान नहीं मिल रहा है, तो आमलोगों के सम्मान की आशा करना बेकार है।
उन्होंने सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि, अगले पांच वर्षों में बिहार पूर्ण विकसित राज्य बनेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने तरक्की की नई ऊंचाइयों को छुआ हैं।
गरीबों के लिए उज्ज्वला योजना, किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, हर घर नल और बिजली जैसी योजनाओं से जनता लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति के पथ पर है।
शिक्षा, सड़क व स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी प्रगति हुई है। इस मौके पर खगड़िया सांसद राजेश वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोनी देवी, युवराज शंभु, राजेश सिंह, सतीश चौरसिया, अभय किशोर आनंद उर्फ गोपाल राय, भाजपा के विनय भारती चौरसिया आदि मौजूद थे।
उपमुख्यमंत्री का दौरा आज
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज बुधवार, 29 अक्टूबर को माड़र के प्रसिद्ध रणखेत मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस माैके पर जदयू के सांसद रामप्रीत मंडल भी मौजूद रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खगड़िया विधानसभा के एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार बबलू कुमार उर्फ बबलू मंडल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सभा पूर्वाह्न 11:30 बजे से प्रारंभ होगी।
इसकी जानकारी जदयू के जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने दी है। जानकारी अनुसार रणखेत मैदान से सम्राट चाैधरी एनडीए के कोर वोटरों को साधेंगे। उनकी यह सभा कई मायने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।