Bihar Politics: डिप्टी CM विजय सिन्हा वाली सीट पर महागठबंधन की नजर, RJD के पार्टनर ने ठोकी दावेदारी
कांग्रेस नेता अंगेश सिंह ने कहा कि महागठबंधन 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने लखीसराय सीट से कांग्रेस की उम्मीदवारी जताई और उपमुख्यमंत्री पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। अंगेश सिंह ने जर्जर सड़कें भ्रष्टाचार और शिक्षा की कमी जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल होने की बात कही।

संवाद सहयोगी, लखीसराय। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंगेश सिंह ने कहा है कि महागठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) बिहार में पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा और सरकार बनाएगा। लखीसराय विधानसभा सीट से इस बार भी कांग्रेस पार्टी ही चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने दावा किया कि स्थानीय जनता वर्तमान विधायक सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के कामकाज से बेहद नाराज है और बदलाव की भावना प्रबल है। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंगेश सिंह ने कहा कि वे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं और जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि उन्होंने छात्र आंदोलन से राजनीति की शुरुआत की और युवाओं, छात्रों व किसानों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है।
कांग्रेस नेता ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे केवल प्रोटोकॉल उपमुख्यमंत्री हैं, जिनकी न तो सरकार में सुनी जाती है और न ही जनता के मुद्दों पर कोई ठोस पहल होती है। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से विधायक रहने के बावजूद क्षेत्र की हालत दयनीय बनी हुई है।
अंगेश सिंह ने कहा कि लखीसराय जिले में ग्रामीण सड़कों की स्थिति जर्जर है, सदर अस्पताल बारिश में पानी में डूबा रहता है और लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा के संस्थान नहीं हैं। क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना पैसे के कोई सरकारी कार्य नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।
अंगेश सिंह ने बताया कि वे पूर्व में आम आदमी पार्टी में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे थे, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ''भारत जोड़ो यात्रा'' और ''संविधान बचाओ यात्रा'' से प्रभावित होकर हाल ही में पटना स्थित सदाकत आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ली है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।