Bihar Politics: हर सुविधाओं से लैस वैन में रात गुजारेंगे राहुल-तेजस्वी, 10 बीघा जमीन पर बनाई टेंट सिटी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी तेजस्वी यादव और इंडी गठबंधन के अन्य नेता वोटर अधिकार यात्रा के लिए मुंगेर पहुंचेंगे। आदमपुर में टेंट सिटी बनाई गई है जहां नेता रात्रि विश्राम करेंगे। यात्रा की शुरुआत लिट्टी-चोखा से होगी और यह सफियाबाद से शुरू होकर भागलपुर की ओर जाएगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और कई स्थानों पर तोरणद्वार लगाए गए हैं।

केएम राज, जमालपुर (मुंगेर)। वोटर अधिकार यात्रा के क्रम में गुरुवार की देर शाम साढ़े सात बजे कांग्रेस के वरीय नेता राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और भाकपा के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के साथ मुंगेर पहुंचेंगे।
इनके अलावा, सभी इंडी गठबंधन के नेता मुंगेर में ही रात गुजारेंगे। मुख्यालय से शहर से लगभग 6 किमी दूर आदमपुर लाल खान चौक स्थित 10 बीघा वाले भूमि पर टेंट सिंटी और पंडाल बनाया गया है। इसमें इंडी गठबंधन के वरीय नेता लोग आराम करेंगे।
वहीं, राहुल और तेजस्वी सभी सुविधाओं से लैस कंटनेर (वैन) में रहेंगे। वैन में वातानुकूलित कमरा, मीटिंग के लिए जगह, शौचालय भी है। रात्रि भोजन शाकाहारी करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली से कैंप क्रू के 80 वालंटियर की टीम तैयारियों को देख रही है। छह छोटा पंडाल भी बनाया गया है। नेताओं ने बताया कि रात्रि विश्राम, टेंट सिटी और अन्य मिलाकर ढाई से तीन करोड़ का खर्च है।
लिट्टी-चोखा के साथ यात्रा की शुरुआत
महागठबंधन के नेताओं ने बताया कि शुक्रवार को वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत सुबह में होगी। लिट्टी-चोखा का नाश्ता करने के बाद यात्रा पर निकलेंगे।
कार्यक्रम प्रभारी अर्चना रविदास ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत सफियाबाद से होगी। यहां से यात्रा बिंदवाड़ा मोड़ पहुंचेगे। बिंदवाड़ा मोड़ से खोजा बाजार होते हुए चंदन बाग पहुंचेगी। चंदन बाग से यात्रा सोंझी घाट आएगी। यहां से भगत सिंह चौक होते हुए आरडी एंड डीजे कॉलेज पहुंचेगी। यहां से यात्रा निकलने के बाद बांक होकर नौवागढी, बरियारपुर, घोरघट होते भागलपुर जाएंगे।
इधर, वोटर अधिकार यात्रा को सफल बनाने को लेकर कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में नेताओं का हुजूम है। राजद प्रमंडलीय बुद्धजीवि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश रमन उर्फ राजू यादव के अलावा कांग्रेस नेता प्रो. देवराज सुमन व्यवस्थाओं को देख रहे हैं। कई जगहों पर तोरणद्वार लगाए गए हैं। जिला की सीमा से लेकर यात्रा रूट तक बैनर पोस्टर लगाए गए हैं।
इधर, यात्रा को देखते हुए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मूंगेर सीमा क्षेत्र से कार्यक्रम स्थल तक 300 जवान 150 डीएसपी रैंक के पदाधिकारी 150 दंडाधिकारी को नियुक्त किया गया है। साथ ही क्युआरटी टीम लगातार गश्त करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।