नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति डा. रामवरण यादव ने कहा, संविधान के सही कार्यान्वयन से ही पूरी की जा सकतीं जेन जी की मांगें
Nepal Gen Z Protest पूर्व राष्ट्रपति डा. रामवरण यादव ने शुक्रवार जारी प्रेस वक्तव्य में कहा कि जेन जी ने जिन मांगों को लेकर आंदोलन किया है वह सही है। इन मांगों को पूरा करने के लिए वर्तमान संविधान के सही और पूर्ण कार्यान्वयन पर ध्यान देना चाहिए। इसके माध्यम से जेनजी की जायज मागों का समाधान संभव है।

जागरण संवाददाता, वीरगंज (नेपाल)। पूर्व राष्ट्रपति डा. रामवरण यादव ने कहा है कि वर्तमान संविधान के सही और पूर्ण कार्यान्वयन के माध्यम से जेनजी की जायज़ मागों का समाधान संभव है। उन्होंने जुलूस प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, आगजनी और तोड़-फोड़ की घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त किया।
शुक्रवार जारी प्रेस वक्तव्य में यादव ने कहा कि युवाओं का आंदोलन भ्रष्टाचार उन्मूलन, अभिव्यक्ति की पूर्ण स्वतंत्रता जैसी बुनियादी मांगों के लिए है। यह सभी का उद्देश्य होना चाहिए, परंतु उन्होंने यह भी जोर दिया कि देश में जो व्यापक विनाश और विध्वंस हुआ उसके कारण, उद्देश्य व पीछे कार्यरत व्यक्तियों की वास्तविकता का पता लगाना अत्यंत आवश्यक है।
डा. यादव ने सिंहदरबार, शीतल निवास, प्रधानमन्त्री व मंत्रियों के आवास, न्यायिक तथा प्रशासनिक संस्थानों और औद्योगिक-व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हुए नुकसान को देश व समाज के लिए खतरनाक बताया। कहा कि इससे अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक के लिए आघात पहुंचा है।
उन्होंने संविधान द्वारा स्थापित व्यवस्था की रक्षा पर बल देते हुए कहा कि यही मार्गदर्शक मानचित्र है। इसे अपनाकर राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। अपने बयान में उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति श्रद्धांजलि व संवेदना व्यक्त की और सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से शीघ्र उचित कदम उठाने का आग्रह किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।