कबसे कंपाएगी ठंड? मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के लिए जारी की पूर्वानुमान रिपोर्ट
Muzaffarpur Weather: मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के लिए पूर्वानुमान रिपोर्ट जारी की है, जिसके अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। लोगों को ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की आवश्यकता है। किसानों को फसलों को ठंड से बचाने के उपाय करने को कहा गया है।

Bihar Weather Forecast: अब लोग सुबह और शाम में ठंड महसूस करने लगे। जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Weather Forecast: इस वर्ष जिस तरह से दुर्गा पूजा और फिर छठ के तुरंत बार अच्छी बारिश हुई है उसका सीधा प्रभाव मौसम पर नजर आने लगा है। सुबह और शाम अच्छी ठंड लग रही है। न्यूनतम तापमान में तेजी से कमी हो रही है। विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान में कमी का ट्रेंड जारी रहेगा।
ठंड की शुरुआत हो गई है। आने वाले तीन से चार दिनों तक तापमान में और भी कमी आएगी। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास तक पहुंचेगा और दिन का अधिकतम तापमान भी 25 से 27 डिग्री तक रिकार्ड किया जाएगा।
इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि अगले तीन से चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। आसमान आमतौर पर साफ रहेगा। पूर्वानुमानित अवधि में सात से 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है।
दूसरी ओर मंगलवार को दिन में धूप खिली हुई थी। फिलहाल सुबह और शाम ठंड की अनुभूति हो रही है। शाम में लोग गर्म कपड़ों के साथ देखे जा रहे हैं। वहीं सुबह भी मार्निंग वाक पर जाने वाले लोग भी गर्म कपड़ों में देखे गए।
दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। पिछले 24 घंटे में इसमें कोई कमी नहीं आई है। दूसरी ओर दिन का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
इसमें भी कोई कमी नहीं दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से खेती किसानी के लिए भी एडवाइजरी जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि मौसम साफ रहने की स्थिति में किसान धान की कटनी और दौनी के कार्य को प्राथमिकता देकर पूरा करें।
पिछले महीने बोयी गई मटर, राजमा, लहसुन और सब्जियों वाली फसलें बैंगन, टमामटर, मिर्च, पत्तागोभी, फूलगोभी में निकाई और सिंचाई का कार्य करें। सब्जियों में कीट - व्याधि का निरीक्षण करें। प्याज के स्वस्थ पौधों के लिए 10 से 12 दिनों के अंतराल पर पौधशाला में खरपतवार निकाल कर सिंचाई करें। इसी मौसम में रबी मक्का की बुआई करें। गेहूं बुआई के लिए भी तापमाम अनुकूल हो गया है। ऐसे में किसान गेहूं की बुआई अतिशीघ्र करें। किसान आलू की भी रोपाई कर सकते हैं।
मौसम विभाग ने ठंड का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पछिया हवा की गति को देखकर यह सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि ठंड अब दूर नहीं है। ऐसे में बुजुर्ग और बच्चे खुद को संयमित रखें। अस्पतालों में सर्दी-खांसी और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बहुत अधिक देखने को मिल रही है।
मौसम #चेतावनी #बिहार #दिन-1 से दिन-7 तक pic.twitter.com/f26Y2wM0a3
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) November 12, 2025

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।