राजगीर पहुंचे भूटान के गृहमंत्री, जू सफारी और नेचर सफारी के रोमांचक अनुभवों को संजोया
राजगीर पहुंचे भूटान के गृहमंत्री भूटान के गृहमंत्री लियोन्पो शेरिंग ने बौद्ध धर्मगुरुओं के साथ राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी का दौरा किया। उन्होंने वन्यजीवों को देखा और प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की। उन्होंने सफारी को वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन का सुंदर संगम बताया और इसके प्रयासों की सराहना की।

संवाद सहयोगी, राजगीर। भूटान के गृहमंत्री लियोन्पो शेरिंग बुधवार को अपने शीर्ष बौद्ध धर्मगुरुओं के साथ राजगीर पहुंचे। उन्होंने राजगीर स्थित वाइल्ड लाइफ जू सफारी और नेचर सफारी का भ्रमण किया और यहां के वन्य जीवन और प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से देखा। गृहमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में उच्च मठ संस्था के प्रमुख बौद्ध गुरु लेक्तशोग लोपोन रिनपोछे, सांगे दोरजी, दाशो थुजी छेरिंग, लाम नामगे तेनज़िन और कुएनज़ांग चोडेन शामिल थे।
वाइल्ड लाइफ जू सफारी के निदेशक (आईएफएस) रामसुंदर एम ने भूटानी प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया और उन्हें सफारी की शासन व्यवस्था, प्रबंधन और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान उप निदेशक अजय कुमार, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीत कुमार और वनक्षेत्र पदाधिकारी शिवम सिन्हा भी मौजूद रहे।
जू सफारी के बस में सवार होकर भूटानी प्रतिनिधिमंडल ने शेर, बाघ, तेंदुआ, भालू और अन्य शाकाहारी वन्य प्राणियों को खुले वातावरण में विचरण करते देखा। प्रतिनिधियों ने सफारी में प्राकृतिक आवास संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने नेचर सफारी यूनिट में स्थित ग्लास स्काई वाक ब्रिज पर चहलकदमी की और उसे रोमांचकारी अनुभव बताया। ग्लास ब्रिज से उन्होंने राजगीर की प्राकृतिक दृश्य को अद्भुत और अनोखा बताया। गृहमंत्री शेरिंग ने कहा कि "राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी सिर्फ पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि यह वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक पर्यावरण को संजोने का एक सराहनीय प्रयास है। यह संरक्षण और पर्यटन का सुंदर संगम है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।