Updated: Wed, 18 Jun 2025 09:29 AM (IST)
नालंदा के चंडी में एक सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात बुजुर्ग की मृत्यु हो गई। एक परिवार ने गलती से उन्हें अपना मान लिया और पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए। सुबह जिस व्यक्ति को मृत समझा गया था वह घर लौट आया जिससे भ्रम और हड़कंप मच गया। पुलिस अब अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
संवाद सूत्र, चंडी (नालंदा)। सड़क दुर्घटना में सोमवार की देर रात लगभग दो बजे चंडी थाना क्षेत्र के धरमपुर में एनएच 30- ए पर सड़क दुर्घटना में मारे गए बुजुर्ग को अपना पिता मान संतोष कुमार और अन्य स्वजन न केवल रेफरल अस्पताल में पार्थिव शरीर से लिपट कर रोए, बल्कि थाना पुलिस को मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के कागजात तैयार करने में जरूरी सूचना भी उपलब्ध कराई।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। सुबह होते ही जब 62 वर्षीय कामेश्वर बिंद घर लौटे तो आस-पड़ोस के लोग हतप्रभ रह गए। स्वजन को फोन पर सूचना दी गई कि जिसे मरा हुआ मान पोस्टमार्टम करवाने गए हो, वह तुम्हारे पिता नहीं हैं। वे जीवित हैं और अभी घर आए हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस ने जैतीपुर निवासी कामेश्वर बिंद के नाम से उनके स्वजन के बयान और पहचान करने के दावे के आधार पर रिकॉर्ड तैयार किया था। बाद में वह व्यक्ति जीवित मिले।
दारोगा ललन कुमार सिंह ने बताया कि रात्रि गश्त में धरमपुर पुल पर एक जिप्सी दुर्घटनाग्रस्त मिली। वहां टूटी रेलिंग के पास एक बुजुर्ग का शव मिला। कुछ संकेत मिले, जिससे संदेह हुआ कि वह गौरी गांव का निवासी है।
पुलिस टीम ने वहां संपर्क किया तो वहां के लोगों ने जानकारी दी कि यह जैतीपुर के कामेश्वर बिंद हैं। यह दावा इसलिए पुख्ता हुआ कि कामेश्वर बिंद की उस गांव में रिश्तेदारी है।
फिर तो रुदन क्रंदन शुरू हुआ और रेफरल अस्पताल में स्वजन पहुंचने लगे। पुलिस ने भी कार्रवाई पूरी की। सुबह में जब कामेश्वर बिंद घर पहुंचे तो कहानी बदल गई। फिर से अज्ञात की मृत्यु का पेपर तैयार किया गया।
बहुत कुछ मिलता-जुलता था
ग्रामीण ने बताया कि कामेश्वर लालगंज में किसी के मुर्गी फार्म की रखवाली करते हैं। वह खाने पीने के बाद इधर-उधर भटक जाते हैं।
इस कारण विश्वास हो गया कि सड़क दुर्घटना में मारे गए। दोनों के कद समान थे। बहुत कुछ मिलता-जुलता था। चेहरा विकृत था।
इस कारण स्वजन से चूक हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त जिप्सी को पुलिस थाने लाया गया है। मृतक बुजुर्ग की पहचान कराने का प्रयास चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।