Bihar Election Live Updates: 'बिहार का चुनाव जंगल राज को फिर से न आने देने के लिए', अमित शाह का लालू परिवार पर हमला
बिहार में चुनावी माहौल गरमा गया है। कल पीएम मोदी, अमित शाह और तेजस्वी यादव ने रैलियां कीं। एनडीए और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। अमित शाह खगड़िया में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
-1761382953256.webp)
बिहार में लोगों को संबोधित करते अमित शाह। (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार चुनाव को लेकर सभी पार्टियां चुनावी प्रचार में जुट गई हैं। कल बिहार में पीएम मोदी, अमित शाह और तेजस्वी यादव ने चुनावी प्रचार की शुरूआत की।
पार्टियों के नेताओं के द्वारा आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। सियासी जानकारों के अनुसार इस बार के चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। जनसुराज भी इस चुनाव में अच्छा इंपैक्ट छोड़ सकती है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खगड़िया में लोगों को संबोधित कर रहे हैं
'बिहार का चुनाव जंगल राज की वापसी न आने देने के लिए', अमित शाह का लालू परिवार पर हमला
मुंगेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "यह चुनाव किसी को विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए है कि बिहार में 'जंगल राज' वापस न आए।"
यूपीए सरकार के दौरान पाकिस्तान हर दिन करता था हमला- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने हमारे देश की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से चौथे स्थान पर ला दिया है। हम 2027 से पहले चौथे से तीसरे स्थान पर आ जाएंगे। पीएम मोदी ने हमारे देश को सुरक्षित बनाया है। यूपीए सरकार के दौरान, पाकिस्तान ने हर दिन हमला किया। वोट बैंक के लालच में, सोनिया, मनमोहन और लालू सरकार चुप रही। मोदी के सत्ता में आने के बाद, तीन हमले किए गए- उरी, पुलवामा और पहलगाम। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की गई और पहलगाम के बाद ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया।
नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार करेंगे बिहार का विकास- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि महागठबंधन, लठबंधन, जिनका भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं? केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार, जिन पर एक पैसे के भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, बिहार का विकास कर सकते हैं।
बिहार के लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि आज से छठ का महापर्व शुरू हो गया है। मैं बिहार के सभी लोगों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूं कि हमारा बिहार जंगलराज से मुक्त रहे, कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे, हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित रहें और बिहार भविष्य में एक विकसित राज्य बने। यही मैं छठी मैया से प्रार्थना करना चाहता हूं।
NDA गठबंधन में पांच पांडव, इन्हें आशीर्वाद दें- गृहमंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने बिहार को नक्सलवाद से मुक्त करने का काम किया है। यह चुनाव तय करेगा कि बिहार में जंगलराज वापस लाना है या विकास का राज। क्या आप जंगलराज चाहते हैं? अगर लालू-राबड़ी की सरकार सत्ता में आई, तो जंगलराज भी साथ आएगा। NDA की सरकार बनी, तो विकसित बिहार की पहचान पूरे भारत में होगी। अपने वोट का सोच-समझकर इस्तेमाल करें। NDA गठबंधन में पांच पांडव हैं। इसे आशीर्वाद दें और विजयी बनाएं।
200 से ज्यादा सीट जीतने वाला है एनडीए- शाहनवाज हुसैन
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी हार स्वीकार कर रहे हैं। हम कह चुके हैं कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बिहार में चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। तेजस्वी यादव को यह यकीन हो गया है कि NDA चुनाव जीतने वाला है इसलिए वे हम पर सवाल उठा रहे हैं। बिहार में फैक्ट्री भी लगेगी और विक्ट्री भी होने वाली है। NDA पूरी ताकत से इस बार 200 से ज्यादा सीट जीतने वाला है। मुस्लिम समाज को राजद ने ठगने का काम किया है।
अपने बच्चों को लिए करें वोट- प्रशांत किशोर
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि एक नया विकल्प जनसुराज का विकल्प जनता के बीच में है। यह अकेले प्रशांत किशोर की लड़ाई नहीं है। अपने गांव और मोहल्ले का जिम्मा लीजिए। इस बार रोजगार और पलायन बंद करने के लिए वोट दीजिए। यह अभियान 3 साल पहले शुरू किया गया था। अगर गलती की गई तो फिर 5 साल इसी दशा में जीना पड़ेगा। नेताओं के बच्चों के लिए वोटिंग बहुत हो गई, एक बार अपने बच्चों के लिए भी वोट दीजिए।
सब मिलकर मोदी का नहीं कर सकते सामना- संतोष कुमार सुमन
बिहार सरकार के मंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने कहा कि निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री बिहार के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया में उनकी निष्पक्ष और स्वच्छ छवि है। उनके आने से निश्चित रूप से बिहार को फायदा ही होता है। उनका (पीएम मोदी) कहना ठीक है कि जितने भी यहां महागठबंधन के लोग हैं जो भ्रष्टाचार पर बात करते हैं वे खुद उस अंधेरी कोठरी में डूबे हुए हैं। ये लोग जमानत पर बैठे हुए व्यक्ति हैं, चाहें राहुल गांधी हों, तेजस्वी यादव हों या लालू यादव हों और ये सब मिलकर भी पीएम मोदी का सामना नहीं कर सकते हैं।
एक दलित और एक अल्पसंख्यक होगा उपमुख्यमंत्री - पप्पू यादव
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के समय पीएम मोदी कहां थे जब राजीव गांधी देश में कंप्यूटर क्रांति लाए। दूसरी तरफ वे (पीएम मोदी) कह रहे हैं कि रील्स तो रील्स तो पूरी दुनिया के बच्चे बना रहे हैं, जिसमें किसी पार्टी या सरकार की कोई भूमिका नहीं है क्योंकि इसका पैसा तो अमेरिका से आ रहा है। इसमें भारत की कोई भूमिका नहीं है। ये सारी देन कांग्रेस, राजीव गांधी, मनमोहन सिंह, इंदिरा गांधी की है। जब इस देश में कंप्यूटर सॉफ्टवेयर से लेकर बिजली तक राजीव गांधी की देन है तो 'मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है?'। उन्होंने आगे कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी, दलित और अल्पसंख्यक दोनों को उपमुख्यमंत्री बनाएंगे। हर परिस्थिति में एक दलित और एक अल्पसंख्यक से उपमुख्यमंत्री होगा।
पीएम ने बिहार को ठगने का काम किया- तेजस्वी यादव
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता परिवर्तन के मूड में है। इस बार महागठबंधन के पक्ष में पूरा माहौल है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे पर कहा कि कल प्रधानमंत्री यहां आए। उनके भाषण का हर एक वाक्य और शब्द नकारात्मक था। उन्होंने कुछ भी सकारात्मक नहीं कहा। प्रधानमंत्री ने केवल बिहार को ठगने का काम किया है। जितना उन्होंने गुजरात को दिया है, उसका 1% भी उन्होंने बिहार को नहीं दिया है। बिहार की जनता हर चीज का हिसाब मांग रही है और प्रधानमंत्री के पास कोई जवाब नहीं है। जब से हमने अति पिछड़ा समाज के उपमुख्यमंत्री नाम की घोषणा की है तब से NDA के लोग ट्रोल करने लगे हैं यानी भाजपा के लोग अतिपिछड़ा समाज से नफरत करने लगे हैं।
डकैती करवाएंगे, गरीबों की जमीन हड़पवाएंगे तेजस्वी- केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार विधान सभा के नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव के बयान पर कहा कि 20 महीने वे क्या कर पाएंगे? वे विकास की बात नहीं करेंगे, डकैती करवाएंगे, गरीबों की जमीन हड़पवाएंगे, मछुआरों का जल कर लुटवाएंगे या अपहरण का उद्योग लगवाएंगे। जो काम NDA की सरकार और नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 साल में हुए हैं वह तो उनकी(तेजस्वी यादव) सोच में भी नहीं है। महिलाओं, गरीबों, किसानों और युवाओं का उत्थान करना उनकी नीयत है ही नहीं।
आधा समय जेल और आधा समय बेल पर रहता है तेजस्वी का परिवार- भाजपा नेता विवेक ठाकुर
भाजपा नेता विवेक ठाकुर ने राघोपुर से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव के बयान पर कहा कि उन्हें(तेजस्वी यादव) मौका तो मिला था लेकिन नीतीश कुमार को मजबूरी में उनका साथ छोड़ना पड़ा क्योंकि भ्रष्टाचार चरम पर था। एक बात जगजाहिर है कि नीतीश कुमार ठोस संकल्प के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ रहते हैं। बिहार इन सब चीजों में फंसने नहीं वाला है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे इस तरह की बातें कर रहे हैं जिस पर पूरा बिहार हंस रहा है। उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है, जो आधा समय जेल और आधा समय बेल पर रहता है।
नीतीश कुमार कभी झूठ नहीं कहेंगे- सासंद रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि नीतीश कुमार कभी झूठ नहीं कहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। यह बात पूरा भारत और पूरा बिहार जानता है। नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे।
पार्टी कार्यालय के बाहर लगा तेजस्वी का नया पोस्टर
RJD नेता तेजस्वी यादव का एक पोस्टर पार्टी कार्यालय के बाहर लगाया गया है। इस पोस्टर में लिखा है 'बिहार का नायक'।
#WATCH पटना, बिहार: RJD नेता तेजस्वी यादव का एक पोस्टर पार्टी कार्यालय के बाहर लगाया गया, जिस पर लिखा है "बिहार का नायक"। pic.twitter.com/3y6nh2Ejep
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 25, 2025
छठ के बाद फिर बिहार आएंगे पीएम मोदी- दिलीप जायसवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को ठीक छठ पूजा के बाद फिर बिहार आ रहे हैं। सबसे पहले मोतीपुर, मुजफ्फरपुर में उनका कार्यक्रम होगा। मुजफ्फरपुर के बाद फिर छपरा में उनका कार्यक्रम होगा और दो जगह कार्यक्रम के बाद फिर उनका कार्यक्रम लगातार नवंबर माह में होगा। अभी मुजफ्फरपुर और छपरा में 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दा विहीन हो चुका है। अब विपक्ष के पास केवल अफवाह फैलाने, झूठे वादे करने और किसी तरह से बिहार की जनता और मतदाता को भ्रमित करने के अलावा कुछ नहीं है।
शहाबुद्दीन के अमर रहने के नारे लगाते हैं तेजस्वी, बेटे को दिया टिकट- पूनावाला
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि RJD का मतलब ही रंगदारी जंगलराज और दंगाराज है। ये आज भी चरितार्थ होता है जब ओसामा जो शहाबुद्दीन का बेटा है उसे RJD पहला सिंबल देती है। जिसने बिहार को जंगलराज में बदल दिया उस शहाबुद्दीन के अमर रहने के नारे भी तेजस्वी लगाते हैं और उसके बेटे को टिकट भी देते हैं। हमने एक दलित महिला को पहला सिंबल दिया। एक तरफ नीतीश कुमार का सुशासन है, दूसरी तरफ तेजस्वी और उनके परिवार का दुशासन राज है।
