Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar: चैंपियन बनकर मह‍िलाएं पहुंचीं विधानसभा, दिखेगी आधी आबादी की धमक

    By Dina Nath Sahani Edited By: Vyas Chandra
    Updated: Sun, 16 Nov 2025 06:09 PM (IST)

    Bihar Politics: बिहार विधानसभा में इस बार महिला विधायकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। विभिन्न क्षेत्रों से आई ये महिलाएँ शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज उठाएंगी। इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के विकास कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।

    Hero Image

    श्रेयसी सिंह, मैथ‍िली ठाकुर व डॉ. करिश्‍मा। जागरण आर्काइव

    दीनानाथ साहनी, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान में पुरुषों को पछाड़ चुकी आधी आबादी की धमक अब सदन में भी दिखेगी।

    इस बार चुनाव में 28 महिला उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज की है, जो विधानसभा के अंदर आधी आबादी की मजबूत आवाज बनेंगी और महिलाओं के मुद्दों को दमदार तरीके से उठाएंगी।

    इनमें से कई महिला विधायकों की अमिट पहचान खेल, कला, समाजसेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में है और देश-दुनिया में बिहार का नाम रोशन कर रही हैं।

    इनमें कामनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) की स्वर्ण पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह, चर्चित लोक गायिका मैथिली ठाकुर, दंत चिकित्सक डा.करिश्मा राय और समाजसेवा के जरिये अपनी पहचान बना चुकी पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी प्रमुख रूप से शामिल हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बड़ी जीत हासिल कर सदन पहुंचेंगी मह‍िलाएं 

    कई नवनिर्वाचित महिला विधायक ऐसी हैं जो इस बार चुनाव में कड़ी चुनौतियों और मजबूत प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों को अच्छी-खासी वोटों से हराकर विधानसभा में पहुंची हैं।

    वहीं दो विधायक पूर्व मुख्यमंत्रियों की पोती और बहु भी हैं। परसा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतने वाली करिश्मा राय दंत चिकित्सक हैं और पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पोती हैं।

    डा.करिश्मा राय ने अपने मजबूत प्रतिद्वंद्वी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रत्याशी छोटे लाल राय को 25 हजार से भी अधिक वोटों से हराया है।

    डा.करिश्मा की एक पहचान यह भी है कि वो राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े पुत्र और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय की चचेरी बहन हैं।

    मांझी की बहू ने 25 हजार से अधिक मतों से जीता मुकाबला

    इमामगंज से जीतीं दीपा कुमारी पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी की बहू हैं। दीपा ने 25 हजार से अधिक वोटों से राजद की उम्मीदवार रितु प्रिया चौधरी को हराया।

    जमुई सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने राजद के प्रत्याशी मो.शमशाद आलम को 54498 वोटों से हराया।

    श्रेयसी 2018 कामनवेल्थ गेम्स (गोल्ड कोस्ट, ऑस्ट्रेलिया) के महिला डबल ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था। इससे पहले उन्होंने 2014 कामनवेल्थ गेम्स (ग्लासगो, स्काटलैंड) में रजत पदक हासिल किया था।

    श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी है। अलीनगर से भाजपा की उम्मीदवार व चर्चित गायिका मैथिली ठाकुर ने राजद के प्रत्याशी विनोद मिश्र को 11 हजार से अधिक वोटों से हराया है।

    छपरा से भाजपा के टिकट पर जीती छोटी कुमारी ने राजद के प्रत्याशी भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव को हराया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी बेतिया सीट से चौथी बार जीती हैं। उन्होंने कांग्रेस के वशी अहमद को हराया है। 

    बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी लेशी सिंह ने जदयू के टिकट पर धमदाहा से राजद के उम्मीदवार व पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा को हराया है।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता ने सासाराम से राजद के उम्मीदवार सतेंद्र साह को 25 हजार से अधिक वोटों से हराया है।

    इसी तरह कई और नवनिर्वाचित महिला विधायकों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ दमदार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंची हैं।

    एनडीए ने 34 मह‍िलाओं को दिया टिकट 

    यह स्थिति तब है, जब बिहार में आधी आबादी की बढ़ती भागीदारी के बावजूद राजनीतिक दलों ने महिला उम्मीदवारों को ज़्यादा तवज्जो नहीं दी।

    जदयू व भाजपा ने 13-13, लोक जनशक्ति पार्टी-रामिवलास (लोजपारा) ने 5, हम ने दो और रालोमो ने एक महिला उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारा।

    जबकि, महागठबंधन में शामिल राजद ने 11, कांग्रेस ने पांच, वीआइपी एवं भाकपा (माले) ने एक-एक महिला उम्मीदवार को टिकट दिया था। बता दें कि 2015 में 28 और 2020 के चुनाव में 26 महिलाएं जीती थीं।

    विधानसभा सीट-महिला विधायक

    • जमुई-श्रेयसी सिंह (भाजपा)
    • त्रिवेणीगंज-सोनम रानी (जदयू)
    • नरपतगंज-देवयंती यादव (भाजपा)
    • कोढ़ा-कविता देवी (भाजपा)
    • चकाई-सावित्री देवी (राजद)
    • बोचहां-बेबी कुमारी (लोजपारा)
    • धमदाहा-लेशी सिंह (जदयू)
    • प्राणपुर-निशा सिंह (भाजपा)
    • शिवहर-श्वेता गुप्ता (जदयू)
    • बाबूबरही-मीना कुमारी (जदयू)
    • केसरिया-शालिनी मिश्रा (जदयू)
    • फुलपरास-शीला मंडल (जदयू)
    • परिहार-गायत्री देवी (भाजपा)
    • बलरामपुर-संगीता देवी (लोजपारा)
    • वारिसलीगंज-अनिता देवी (राजद)
    • समस्तीपुर-अश्वमेघ देवी (जदयू)
    • बेतिया-रेणु देवी (भाजपा)
    • गायघाट-कोमल सिंह (जदयू)
    • अलीनगर-मैथिली ठाकुर (भाजपा)
    • औराई-रमा निषाद (भाजपा)
    • छपरा-छोटी कुमारी (भाजपा)
    • सासाराम-स्नेहलता (रालोमो),
    • परसा-डा.करिश्मा राय (राजद)
    • बाराचट्टी-ज्योति देवी (हम)
    • इमामगंज-दीपा कुमारी
    • नवादा-विभा देवी (जदयू)
    • गोविंदपुर-विनीता मेहता (लोजपारा)
    • मोहनियां-संगीता कुमारी।