बिहार में BJP विधायक दल का नेता चुनने को पर्यवेक्षक नियुक्त, यूपी के डिप्टी सीएम समेत इन्हें दी गई जिम्मेदारी
Bihar Politics: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री समेत दो वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है। यह निर्णय बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए लिया गया है। पर्यवेक्षक चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में मदद करेंगे।

केशव प्रसाद मौर्य, अर्जुन राम मेघवाल व साध्वी निरंजन ज्योति। जागरण आर्काइव
डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Chunav 2025 में NDA की प्रचंड जीत के बाद अब सरकार गठन की कवायद तेज है। 20 नवंबर को बिहार की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
BJP और JDU के शीर्ष नेताओं के बीच सरकार के स्वरूप पर मंथन चल रहा है। कौन-कौन मंत्री बनेंगे, किन्हें किस विभाग की जिम्मेदारी दी जाएगी, इन सब बातों पर चर्चा हो रही है।
दोनों पार्टियों में विधायक दल के नेता चुने जाने हैं। RJD पहले ही तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुन चुका है। वही सदन में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रहेंगे।
मेघवाल व साध्वी निरंजन ज्योति को भी जिम्मेदारी
अब भाजपा और जदयू में यह होनी है। 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी भाजपा ने विधायक दल का नेता चुने जाने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।
ये पर्यवेक्षक पार्टी के विधायकों से मशविरा कर विधायक दल के नेता चयन की प्रक्रिया पूर्ण कराएंगे। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshaw Prasad Maurya) को केंद्रीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस बाबत प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसके अनुसार केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्रीय सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
बताया जाता है कि पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक तैनात करने में भी भाजपा ने बड़ा संदेश दिया है। एक दलित और दो ओबीसी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।