भाजपा ने काटे चार एमएलसी के टिकट, बिहार विधान परिषद की 12 सीटों के लिए इन नामों का ऐलान
BJP MLC Candidate List बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा के 12 प्रत्याशी घोषित स्थानीय प्राधिकार कोटे से होने वाले चुनाव के लिए निवर्तमान चार विधान पार्षदों का पार्टी ने काटा टिकट आज ही कांग्रेस ने भी घोषित किए हैं नाम

पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar MLC Chunav 2022: बिहार विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकार कोटे की सीटों के लिए भाजपा ने शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिनमें आधे नए हैं। निवर्तमान छह विधान पार्षदों को पार्टी ने फिर से मैदान में उतारा है, जबकि चार का पत्ता कट गया है। सामाजिक गणित पर गौर करें तो पांच राजपूत, चार वैश्य, दो भूमिहार और एक ब्राह्मण पर भाजपा ने भरोसा जताया है। आपको बता दें कि कांग्रेस ने भी आज ही विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। जदयू और राजद की सूची पहले ही जारी हो चुकी है।
एक महिला को दिया टिकट
उम्मीदवारों में एक महिला (नूतन सिंह) भी हैं। वे पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज सिंह बबलू की पत्नी हैं। वहीं, समस्तीपुर से नए प्रत्याशी डा. तरुण कुमार दिवंगत हरिनारायण चौधरी के पुत्र हैं। पार्टी ने अनुसूचित जाति से किसी को टिकट नहीं दिया है। टिकट गंवाने वालों में औरंगाबाद से राजन सिंह, सारण से सच्चिदानंद राय, सिवान से टुन्नाजी पांडेय और गोपालगंज से आदित्य नारायण पांडेय हैं। हालांकि टुन्नाजी पांडेय पहले ही भाजपा छोड़ चुके हैं।
सोमवार से शुरू होगा नामांकन का दौर
भाजपा नेताओं के अनुसार सोमवार से पर्चा भरने का क्रम जारी हो जाएगा। संगठन ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों और राज्य सरकार में शामिल मंत्रियों को पार्टी प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है। इसी तरह भाजपा के स्थानीय विधायक और विधान पार्षद भी नामांकन कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
क्षेत्रवार उम्मीदवार
- औरंगाबाद : दिलीप कुमार सिंह
- रोहतास-कैमूर : संतोष सिंह
- सारण : धर्मेंद्र कुमार सिंह
- सिवान : मनोज कुमार सिंह
- गोपालगंज : राजीव सिंह
- पूर्वी चंपारण : राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता
- दरभंगा : सुनील चौधरी
- समस्तीपुर : डा. तरुण कुमार
- बेगूसराय-खगडिय़ा : रजनीश कुमार
- सहरसा-मधेपुरा-सुपौल : नूतन सिंह
- पूर्णिया, अररिया एवं किशनगंज : डा. दिलीप जायसवाल
- कटिहार : अशोक अग्रवाल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।