Bihar CM Oath: शपथ ग्रहण के गवाह बनेंगे एक लाख से अधिक लोग, PM मोदी के आने की संभावना
पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू हो गई है। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। गांधी मैदान में एक लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें ड्रोन से निगरानी और सघन जांच शामिल है। यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा।

नीतीश कुमार और पीएम मोदी। PTI
जागरण संवाददाता, पटना। गांधी मैदान में मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी प्रारंभ हो गई है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित 15 से अधिक राज्यों के मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के गवाह बनने के लिए एक लाख से अधिक लोगों की व्यवस्था की जा रही है।
गाड़ियों की पार्किंग जेपी गंगा पथ के अतिरिक्त कई स्थानाें पर की जाएगी। समारोह में एनडीए के कार्यकर्ता और आमजन की भारी संख्या में शामिल होने को लेकर विस्तृत रोडमैप भी जारी किया जाएगा।
विस्कोमान भवन के सामने वाली गेट से मुख्य व गणमान्य अतिथियों की इंट्री होगी। वहीं, रामगुलाम चौक, उद्योग भवन व रेड क्रास भवन के सामने वाले गेट से कार्यकर्ताओं व आमजन को प्रवेश दिया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में अभेद सुरक्षा व्यवस्था
गांधी मैदान में होने वाले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभेद बनाई गई है। सोमवार को पूरे मैदान और आसपास के इलाकों की सघन जांच की गई। बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वाड एक-एक कोना खंगाला। गांधी मैदान में अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ ही विधानसभा चुनाव में आए केंद्रीय बल की टीम भी रहेगी।
सघन जांच के बाद ही गांधी मैदान में प्रवेश मिलेगा। आसपास होटलों की जांच भी तेज कर दी गई है। उंची इमारत से भी नजर रखी जाएगी। ड्रोन से भी निगरानी होगी। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था काे लेकर तैयारी में जुटी है। इस दौरान यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा। पुलिस इसकी रूपरेखा तैयार कर रही है।
गांधी मैदान में दर्शक दीर्घाओं और वीवीआईपी गैलरी कहा बनाना है, इसका भी विशेष निरीक्षण किया गया। समारोह में बड़े नेताओं और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस सतर्क है। मैदान और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। गांधी मैदान क्षेत्र के होटल, लॉज की जांच की जा रही है। सुरक्षा को लेकर आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र को सेक्टरों में बांटकर अलग-अलग पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। गांधी मैदान में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को लेकर रूपरेखा तैयार किया जा रहा है। - जितेंद्र राणा रेंज आईजी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।