Bihar Politics: दूसरे चरण में मांझी की पार्टी और परिवार दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर, छह सीटों पर करेंगे ताकत का प्रदर्शन
Bihar vidhan Sabha chunav 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' की प्रतिष्ठा दांव पर है, जिसमें 122 सीटों पर मतदान होगा। मांझी की पार्टी का राजद से कड़ा मुकाबला है। मांझी परिवार के दो सदस्य भी मैदान में हैं, जिनमें उनकी बहू दीपा मांझी इमामगंज से चुनाव लड़ रही हैं। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मांझी अपनी पार्टी के लिए कितनी सीटें जीत पाते हैं।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
कुमार रजत, पटना। Bihar chunav 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद अब सबकी नजर दूसरे चरण पर है। दूसरे चरण में 122 सीटों पर मंगलवार को मतदान होना है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) की सभी छह सीटें इमामगंज, बाराचट्टी, टिकारी, अतरी, सिकंदरा और कुटुम्बा इसी चरण में हैं।
इनमें पांच सीटों पर राजद से हम का मुकाबला है। मांझी इसके लिए पूरा जोर भी लगा रहे हैं और पिछले एक पखवारे से लगातार इन सीटों पर सक्रिय हैं।
दूसरे चरण में मांझी की पार्टी के साथ परिवार की प्रतिष्ठा भी दांव पर हैं। मांझी छह में अधिक से अधिक सीटें जीतने की कोशिश करेंगे ताकि एनडीए में अपनी ताकत बढ़ा सके।
उपेन्द्र कुशवाहा को भी एनडीए ने छह सीटें दी हैं, ऐसे में एक अप्रत्यक्ष रेस भी दोनों दलों के बीच है। इसके साथ ही मांझी परिवार के दो सदस्य भी चुनावी मैदान में हैं।
मांझी परिवार की पारंपरिक सीट इमामगंज से मांझी की बहू एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन की पत्नी दीपा मांझी चुनावी मैदान में हैं।
मांझी के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जब यह सीट खाली हुई तो उपचुनाव में दीपा ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी जहां से वह विधायक भी हैं।
इसके अलावा मांझी की समधन एवं दीपा मांझी की मां बाराचट्टी सीट से विधायक हैं। इन दो सीटों के अलावा टिकारी से प्रदेश अध्यक्ष डा. अनिल कुमार और सिकंदरा से प्रफुल्ल मांझी हम के सीटिंग विधायक हैं।
सिकंदरा सीट पर महागठबंधन में फूट का फायदा हम को मिल सकता है। यहां हम के प्रफुल्ल मांझी के विरुद्ध राजद से उदय नारायण चौधरी और कांग्रेस के विनोद चौधरी दोनों मैदान में हैं।
जिन दो सीटों पर मांझी को जीत की चाभी पहली बार खोलनी है, उनमें औरंगाबाद की कुटुम्बा और गया की अतरी सीट शामिल है।
कुटुम्बा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम से हम के प्रत्याशी ललन राम का मुकाबला है, तो अतरी सीट पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार के भतीजे रोमित का मुकबाला राजद की प्रत्याशी वैजयंती देवी से है।
सिकंदरा में राजद-कांग्रेस दोनों के उम्मीदवार
| सीट | मुकाबला |
| इमामगंज | दीपा मांझी (हम) बनाम ऋतु प्रिया चौधरी (राजद) |
| बाराचट्टी | ज्योति देवी (हम) बनाम तनुश्री मांझी (राजद) |
| टेकारी | अनिल कुमार (हम) बनाम अजय दांगी (राजद) |
| सिकंदरा | प्रफुल्ल मांझी (हम) बनाम उदय नारायण चौधरी (राजद) बनाम विनोद चौधरी (कांग्रेस) |
| अतरी | रोमित कुमार (हम) बनाम वैजयंती देवी (राजद) |
| कुटुम्बा | ललन राम (हम) बनाम राजेश राम (कांग्रेस) |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।