'फेल होंगे एग्जिट पोल', राजद का Bihar Exit Poll पर पहला रिएक्शन; मनोज झा बोले- महागठबंधन की बनेगी सरकार
राजद ने बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा कि वे पहले भी कई बार गलत साबित हुए हैं। प्रवक्ता मनोज झा ने इसे बाजार का खेल बताया और दावा किया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं के फीडबैक को एग्जिट पोल से ज्यादा महत्वपूर्ण बताया।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजद ने कहा है कि कई चुनावों की तरह बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में भी एग्जिट पोल फेल होगा। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद प्रो. मनोज झा ने कहा कि एग्जिट पोल कुछ और नहीं, बाजार का खेल है। देश के आला पदधारकों के निर्देश पर एक आंकड़ा जारी किया गया है, जो 14 नवंबर को गलत साबित होगा।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की अगली सरकार बनने जा रही है। जनादेश मिल चुका है। हमलोगों ने इससे पहले भी कई बार बाजार का खेल देखा है। यह मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का एक प्रयास है।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि दूसरे चरण के मतदान में तो एनडीए कहीं लड़ाई में भी नहीं था। हर तरफ से बदलाव और तेजस्वी यादव को सीएम बनाने की आवाज गूंज रही थी। हम एग्जिट पोल पर नहीं बल्कि 90, 700 बूथों से कार्यकर्ताओं द्वारा मिले फीडबैक को सही मानते हैं। हर चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी एग्जिट पोल आने पर मिठाई बांटने लगते हैं। मतों के गिनती के बाद मुंह छुपा लेते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल में विभिन्न चैनलों ने एनडीए को 400 से ज्यादा सीटें दी थी। 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत दिलाया जा रहा था। तगणना के प्रारम्भिक चरण में तो भाजपा कार्यालय में पटाखे फोड़े जाने लगे थे और मिठाइयां बांटी जा रही थी।
इसी प्रकार 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 260 और महागठबंधन को 70 - 75 सीटें बताई गई थी पर परिणाम आया तो सारे एग्जिट पोल गलत साबित हुए।
यह भी पढ़ें- Bihar Exit Poll Seats 2025: एग्जिट पोल में NDA सरकार, BJP-JDU और RJD को कितनी सीटें मिलीं?
यह भी पढ़ें- Bihar Exit Poll 2025: एग्जिट पोल की तस्वीर साफ, इस गठबंधन की बन सकती है सरकार; मिल रही बंपर सीटें

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।