Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: बिहार में हुआ 'खेला', RJD विधायक-कांग्रेस विधायक और पूर्व सांसद ने थामा BJP का कमल

    Updated: Mon, 13 Oct 2025 07:15 PM (IST)

    बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन शुरू होते ही राजद विधायक संगीता कुमारी, कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सौरभ और पूर्व सांसद सुनील कुमार पिंटू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। गौड़ाबौराम की विधायक स्वर्णा सिंह के पति सुजीत कुमार भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एनडीए की सरकार बनने की बात कही और प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी करने की घोषणा की।

    Hero Image

    राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन का दौर शुरू होने के साथ ही दल-बदल का खेल चरम पर है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मिलन समारोह में राजद के निवर्तमान विधायक संगीता कुमारी, कांग्रेस के निवर्तमान विधायक सिद्धार्थ सौरभ एवं पूर्व सांसद सुनील कुमार पिंटू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अतिरिक्त गौड़ाबौराम की विधायक स्वर्णा सिंह के पति सुजीत कुमार भी वीआरएस (स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति) लेकर भाजपा में सम्मिलित हो गए। सुजीत मुख्य आयकर आयुक्त रहे हैं। सुजीत के दिवंगत पिता सुनील सिंह भी एमएलसी रहे थे।

    सभी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। समारोह में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों का स्वागत करते हुए जायसवाल ने कहा कि पूरे बिहार में जो माहौल है, उससे साफ है कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी।

    उन्होंने पार्टी में आए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि अन्य दल के लोग एनडीए में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी है। अब शीघ्र ही प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।

    मिलन समारोह में प्रश्न के उत्तर में जायसवाल ने कहा कि एनडीए के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र भरने के दौरान कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश के नेता प्रत्येक जिला में रहेंगे। भव्य नामांकन सभा आयोजित की जाएगी।

    पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह का जदयू से त्याग पत्र

    पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह ने जदयू की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया है। वे रोहतास जिला के दिनारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं। एनडीए में तालमेल के तहत यह सीट राष्ट्रीय लोक मोर्चा को दे दी गई है। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में उनकी अटूट आस्था रही है। लेकिन, आज जिन लोगों ने जदयू पर कब्जा कर लिया है, उनसे न्याय की अपेक्षा नहीं की जा सकती है।

    अपने साथ हुए अन्याय के विरूद्ध वे संघर्ष करेंगे। साेमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए जय कुमार ने कहा कि वे अपने समर्थकों से विमर्श के बाद अगला कदम उठाएंगे। उनका प्रयास होगा कि लोकसभा की तरह विधानसभा चुनाव में भी शाहाबाद से एनडीए समाप्त हो जाए।

    जयकुमार 2010 और 2015 में दिनारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। वे नीतीश कुमार और जीतनराम मांझी की सरकार में मंत्री भी रहे हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में लोजपा ने दिनारा से अपना उम्मीदवार दिया था। राजद की जीत हुई। जयकुमार सिंह तीसरे नम्बर पर थे।