Bihar Politics: भाजपा-जदयू दोनों का 27-27 सीटों पर राजद से मुकाबला, दांव पर दिग्गजों की किस्मत
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 122 सीटों पर मुकाबला है, जिसमें राजद और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर है। राजद ने 72 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 53 सीटों पर। एनडीए और महागठबंधन के बीच कई सीटों पर दोस्ताना मुकाबले भी हैं। इस चरण में कई पूर्व डिप्टी सीएम और मंत्रियों की किस्मत दांव पर है।
-1761313681674.webp)
भाजपा-जदयू दोनों का 27-27 सीटों पर राजद से मुकाबला, दांव पर कई दिग्गजों की किस्मत
कुमार रजत, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मैदान भी सज चुका है। दूसरे चरण की 122 सीटों पर राजद और भाजपा की सबसे अधिक सीटों पर फैसला होना है। राजद 72 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रहा है, जबकि कांग्रेस के तीन दर्जन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
एनडीए की ओर से भाजपा ने सबसे अधिक 53 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके बाद जदयू की 44, चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) की 15, जीतन राम मांझी की पार्टी हम की छह और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो की चार सीटों पर प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
दूसरे चरण में एनडीए के सभी पांचों दलों का सर्वाधिक मुकाबला राजद से ही है। राजद का भाजपा और जदयू दोनों से सबसे अधिक 27-27 सीटों पर मुकाबला है। लोजपा (रा) का भी सबसे अधिक नौ सीटों पर राजद से मुकाबला है, जबकि चार सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
हम की छह में पांच सीटों पर राजद के उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जबकि रालोमो की सभी चार सीटों पर राजद प्रत्याशी चुनौती दे रहे हैं। महागठबंधन के दूसरे बड़े दल की बात करें तो कांग्रेस की सबसे अधिक 19 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इसके बाद 12 सीटों पर कांग्रेस-जदयू के बीच लड़ाई है।
मुकेश सहनी की वीआईपी की छह सीटें भी दूसरे चरण का हिस्सा हैं। इनमें सबसे अधिक चार सीटों पर भाजपा जबकि दो सीटों पर वीआईपी को जदयू से चुनौती मिल रही है।
122 सीटों पर महागठबंधन के 127 उम्मीदवार:
दूसरे चरण की 122 सीटों में महागठबंधन की ओर से 127 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। पांच सीटों पर महागठबंधन के आपसी दलों के बीच दोस्ताना मुकाबले के कारण यह िस्थति बनी है। इसमें नरकटियागंज, कहलगांव, सुल्तानगंज और सिकंदरा में राजद और कांग्रेस दोनों के ही उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
वहीं करगहर की सीट पर कांग्रेस और सीपीआई के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इसके पूर्व पहले चरण में भी 121 सीटों पर भी महागठबंधन की ओर से 127 उम्मीदवार उतार दिए गए थे। मगर बाद में महागठबंधन ने आपसी सहमति से दो उम्मीदवारों के नाम वापस ले लिए। अभी भी पहले चरण की वैशाली, बछवाड़ा, बिहारशरीफ और राजापाकर में महागठबंधन के दो दल आमने-सामने हैं।
दो पूर्व डिप्टी सीएम के साथ कई मंत्रियों की जीत-हार होगी तय:
दूसरे चरण में राज्य सरकार के दो पूर्व डिप्टी सीएम समेत कई मंत्रियों की जीत-हार भी तय होनी है। इनमें बेतिया से पूर्व उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी, कटिहार से पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, चकाई से मंत्री सुमित कुमार सिंह, अमरपुर से जयंत राज, चैनपुर से जमां खान, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, फुलपरास से शीला मंडल, के नाम शामिल हैं। राजद की ओर से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ भी चुनावी मैदान में हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।