Mukesh Sahani: 'पहली बार किसी मल्लाह के बेटे को...', डिप्टी सीएम फेस बनने पर मुकेश सहनी का बड़ा बयान
विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार का भविष्य अस्वस्थ हाथों में नहीं होना चाहिए। उन्होंने महागठबंधन सरकार बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सहनी ने घोषणा की कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि महागठबंधन उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की और एनडीए सरकार पर निशाना साधा। सहनी 25 अक्टूबर को खगड़िया में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

मुकेश सहनी।
राज्य ब्यूरो, पटना। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और उपमुख्यमंत्री पद के दावेदार मुकेश सहनी ने कहा है कि बिहार का भविष्य अस्वस्थ हाथों में नहीं होना चाहिए। साथ ही दोहराया कि देश और प्रदेश में अमन शांति के लिए महागठबंधन की सरकार बनाना जरूरी है। वे शुक्रवार को एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
सहनी ने कहा कि उन्होंने तय किया है कि वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि 243 सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने के लिए प्रचार करेंगे।
उन्होंने एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जो बोलते हैं वह कभी करते नहीं हैं और जो करते हैं वह कभी बोलते नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि आजाद भारत में पहली बार किसी मल्लाह के बेटे को उपमुख्यमंत्री का चेहरा बनाया गया है। उन्होंने लोगों से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट करने की अपील करते हुए कहा कि आप उन्हें सीएम बनाइये हर घर में सरकारी नौकरी दी जाएगी। प्रदेश को ऑरिजिनल मुख्यमंत्री चाहिए डुप्लीकेट नहीं।
खगड़िया में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे सहनी
मुकेश सहनी 25 अक्टूबर को खगड़िया जिला में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी प्रवक्ता देव ज्योति के अनुसार सहनी तेजस्वी यादव के साथ भगवान हाई स्कूल मैदान, गोगरी, खगड़िया में चुनावी सभा संबोधित करेंगे।
उसके बाद संसारपुर खेल मैदान, खगडिय़ा और फिर उच्च विद्यालय मैदान, अलौली, लालूडेरा मध्य विद्यालय मैदान, ब्रह्मपुर, शाहपुर में चुनावी सभा करेंगे और इसके बाद वे पटना लौट आएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।