Bihar Politics: विधायक-मंत्री हो गए, अब मुख्यमंत्री की बारी, चिराग की पार्टी के सांसद ने कर दिया इशारा
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पटना में अपना स्थापना दिवस मनाया। चिराग पासवान ने दूरभाष से संबोधित करते हुए जनता को धन्यवाद दिया और विकास का वादा किया। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और सांसद अरुण भारती ने 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' विजन को आगे बढ़ाने की बात कही। सांसद राजेश वर्मा ने मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी का इशारा किया।

लोजपा-आर के स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन करते नेता।
राज्य ब्यूरो, पटना। शुक्रवार को बापू सभागार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
केंद्रीय मंत्री सह पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान (Minister Chirag Paswan) अपरिहार्य कारणवश कार्यक्रम में दिल्ली से पटना नहीं आ सके और उन्होंने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हमें जनता ने प्रचंड बहुमत दिया है। हम सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र में नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए काम करेंगे।
महिला और युवा हमारे माय समीकरण में
उन्होंने माय समीकरण की चर्चा करते हुए कहा कि हमारी पार्टी के माय समीकरण में महिला और युवा हैं। इसी समीकरण को लेकर पार्टी को इतनी बड़ी जीत मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और मंच संचालन पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने की। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज का दिन काफी अहम है।
यह एक पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। पार्टी जिस परिस्थिति से गुजरी, उसके बाद चिराग पासवान के नेतृत्व में हम यहां तक पहुंचे हैं। आज हम 19 विधायक तक पहुंचे हैं।
बिहार की जनता ने जो विश्वास जताया है, हम उसपर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सांसद अरुण भारती ने कहा कि रामविलास पासवान ने जिस उद्देश्य से पार्टी की स्थापना की थी, उसे दोहराने की जरूरत है।
आज हम ऐतिहासिक मोड़ पर हैं। बिहार के विकास की प्रतिबद्धता दोहराने की जरूरत है। आगे आने वाले समय में पार्टी और बड़ी संख्या के साथ आएगी। उन्होंने कायकर्ताओं से कहा कि विकसित बिहार के लिए हमारे नेता का जो बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन है, उसे जमीन पर उतारना है।
बड़ी सोच के साथ बढ़ रहे आगे
सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि विधायक और मंत्री हो गए अब मुख्यमंत्री की बारी है। बड़ी सोच के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में वीणा देवी, शांभवी चौधरी, राजेश वर्मा, मुख्य प्रवक्ता डा.राजेश भट्ट, अशरफ अंसारी, मंत्री संजय सिंह एवं संजय कुमार, विधायक बाबूलाल शौर्य, संगीता देवी समेत अन्य नेता शामिल हुए।
वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की ओर आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के अलावा प्रिंस राज पासवान तथा दलित सेना के प्रदेश अध्यक्ष धनश्याम कुमार दाहा समेत अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।