Bihar Weather Update: बिहार में दिखेगा मोंथा चक्रवात का असर, मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह कोहरा और शाम को बादल छाए रहेंगे। तापमान में गिरावट और गुलाबी ठंड का प्रभाव रहेगा। मौसम विभाग ने चक्रवात 'मोंथा' के चलते बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। पटना समेत कई जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
-1761530261247.webp)
बिहार में दिखेगा मोंथा चक्रवात का असर
जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था का महापर्व छठ के मौके पर राजधानी सहित अधिसंख्य भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कोहरे का प्रभाव एवं शाम में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तीन दिनों के बाद दो दिनों के दौरान तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है।
सुबह-शाम गुलाबी ठंड का प्रभाव बना रहेगा। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार छठ महापर्व के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात मोंथा के खतरे के चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा की चेतावनी है।
बिहार और झारखंड में भी इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। 28 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच प्रदेश के अधिसंख्य भागों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा की चेतावनी है। उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है।
29 अक्टूबर को बांका, जमुई, कैमूूर, भागलपुर, नवादा एवं मुंगेर में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बना रहा। दिन भर धूप छांव की स्थिति बनी रही।
रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रविवार को पटना सहित 15 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस) |
|---|---|---|
| पटना | 33.8 | 25.6 |
| गयाजी | 32.5 | 234 |
| भागलपुर | 33.4 | 24.7 |
| मुजफ्फरपुर | 31.0 | 24.7 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।