Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Bihar Weather Update: 29 से 31 अक्टूबर के बीच भारी बारिश का अलर्ट, जानिए छठ पर कैसा रहेगा मौसम?

    Updated: Sun, 26 Oct 2025 07:16 AM (IST)

    लोक आस्था के महापर्व छठ पर मौसम बदलने की संभावना है। राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में धुंध और बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने 29-31 अक्टूबर के बीच भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। किसानों को फसलों की कटाई जल्द करने की सलाह दी गई है। तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था का महापर्व छठ पर मौसम का मिजाज थोड़ा बदला रहेगा। 27-28 अक्टूबर को राजधानी समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों में सुबह के समय धुंध एवं आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह-शाम गुलाबी ठंड का प्रभाव बना रहेगा। दिन में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चार दिनों के बाद अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की कमी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार छठ के बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में कब दबाव का क्षेत्र 27 अक्टूबर को गहरे अवदाब में परिवर्तित हो जाएगा, जो आगे चलकर एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है।

    28 अक्टूबर की शाम या रात के दौरान आंध्रप्रदेश तट पर टकराने की संभावना है। इसके फलस्वरूप राजधानी सहित प्रदेश में 29-31 अक्टूबर के बीच उत्तरी एवं उत्तर पूर्वी भागों में तेज हवा के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई हिस्सों में वज्रपात और 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

    मौसम विज्ञान केंद्र ने किसान भाईयों को सलाह देते हुए कहा कि खरीब फसलों की कटाई शीघ्र कर लेंगे। सब्जी वाले फसलों की सिंचाई रोक दें। वज्रपात के दौरान मवेशी को खुले स्थानों पर न छोड़े और विद्युत उपकरणों का प्रयोग सावधानी से करें। शनिवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बना रहा।

    दिन में धूप निकलने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने से मौसम सामान्य बना रहा। पटना का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस एवं 34.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पूर्णिया में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को पटना सहित 15 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। जबकि, शेष जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

    प्रमुख शहरों का तापमान

    शहर अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस)
    पटना 33.6 25.1
    गयाजी 32.6 21.6
    भागलपुर 33.3 22.9
    मुजफ्फरपुर 32.0 24.6