छठ और लोकतंत्र का संगम: पटना में 21 हजार दीपों से सजा गंगा घाट, स्वच्छता और मतदाता जागरूकता का दिया संदेश
पटना में छठ पूजा के दौरान गंगा घाट को 21 हजार दीपों से रोशन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छठ पर्व और लोकतंत्र के महत्व को एक साथ जोड़ना था। स्वच्छता के संदेश के साथ-साथ मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों को आगामी चुनावों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। घाट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।

21 हजार दीपों से जगमगाया गंगा घाट, गंगा आरती ने मोहा मन। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ और लोकतंत्र के महापर्व मतदान को एक सूत्र में जोड़ते हुए पटना नगर निगम ने गुरुवार की शाम जेपी सेतु घाट (घाट संख्या–93) पर भव्य दीपोत्सव और गंगा आरती का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान 21 हजार दीपों से सजे घाट ने पूरे परिसर को अलौकिक आभा से भर दिया। घाट पर जलते दीपों की पंक्तियों और गंगा आरती की मधुर लहरों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, उप विकास आयुक्त समीर सौरभ और अपर नगर आयुक्त पटना नगर निगम सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
लोक आस्था और लोकतंत्र को जोड़ा एक सूत्र में
नगर विकास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि छठ केवल लोक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकता का उत्सव है। उसी प्रकार मतदान लोकतंत्र का पर्व है, जो नागरिक कर्तव्य और जिम्मेदारी का प्रतीक है। नगर निगम द्वारा दोनों पर्वों को जोड़ते हुए स्वच्छता और मतदाता जागरूकता का संदेश देना सराहनीय पहल है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छ घाट, स्वच्छ शहर और सक्रिय मतदाता ये तीनों किसी सशक्त समाज की पहचान हैं। निगमकर्मी, नागरिक और स्वयंसेवक मिलकर छठ घाटों पर सफाई और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
हर हर गंगे के जयकारों से गूंजा घाट
कार्यक्रम के दौरान घाट को रंगोली, फूलों और दीपों से सजाया गया था। वैदिक मंत्रोच्चारण और हर हर गंगे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। दीपों की शृंखला ने न सिर्फ गंगा तट को रोशन किया बल्कि स्वच्छता सर्वोपरि और मतदान करें, देश गढ़ें का प्रेरणादायक संदेश भी दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि नगर निगम द्वारा दीपोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता, जन-जागरूकता और लोक सहभागिता का जो संदेश दिया जा रहा है, वह अत्यंत प्रेरक और प्रभावशाली है।
मतदाता जागरूकता गीत बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा मतदाता जागरूकता गीत, जिसकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मतदान के महत्व से अवगत कराया। गीतों के माध्यम से बताया गया कि हर मत लोकतंत्र की ताकत है और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है।
इस दीपोत्सव में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। नगर निगम ने बताया कि शहर के अन्य प्रमुख घाटों पर भी दीपोत्सव और स्वच्छता-प्रेरक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला जारी रहेगी, ताकि लोक आस्था और नागरिक जिम्मेदारी दोनों का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।