छठ घाट की ओर? रुकिए! पटना में ट्रैफिक बदलाव – नया प्लान देखे बिना मत निकलें, वरना फंसकर रह जाएंगे!
पटना में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कई मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। अशोक राजपथ पर विशेष व्यवस्था की गई है और गायघाट जाने वाले छठ व्रतियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जेपी सेतु और अटल पथ पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।

आज बदली रहेगी शहर की यातायात व्यवस्था
जागरण संवाददाता, पटना। छठ पूजा पर छठ व्रतियों/श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक यातायात सामान्य होने तक कई मार्ग पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इसी तरह मंगलवार की रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक यातायात सामान्य होने तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
सोमवार की दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे और मंगलवार की सुबह आठ तक कारगिल चौक से दीदारगंज तक किसी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। इसी तरह कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक छठ व्रतियों के सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन होगा, जबकि अशोक राजपथ के सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे।
सोमवार दोपहर दो से शाम 6:30 बजे तक एवं मंगलवार की सुबह तीन बजे से सुबह छह बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की तरफ (उत्तर से दक्षिण की ओर) वाहनों का परिचालन नहीं होगा। उक्त अवधि में ये सभी वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए (नेहरू पथ) जा सकेंगी।
अशोक राजपथ मार्ग पर विशेष व्यवस्था
कारगिल चौक से दीदारगंज तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। केवल प्रशासनिक व आपातकालीन वाहन अनुमति प्राप्त रहेंगे। खजांची रोड से केवल छठ व्रतियों के वाहन पटना कॉलेज या साइंस कॉलेज परिसर तक जा सकेंगे।
गायघाट जाने वाले छठ व्रतियों के वाहन कंगन घाट/चौक थाना मोड़ की पार्किंग सिटी स्कूल और मंगल तालाब परिसर में होगी। पुरानी या नई बाईपास से आने वाले वाहन धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर या विस्कोमान गोलंबर से गायघाट पहुंचेंगे। जेपी गंगा पथ का उपयोग वर्जित रहेगा। चौक शिकारपुर आरओबी पार करने वाले वाहनों की पार्किंग गुरु गोविंद सिंह आरओबी नीचे और पटना साहिब स्टेशन के पास कराई जाएगी।
दीदारगंज से आने वाले वाहनों की पार्किंग कटरा बाजार समिति प्रांगण में होगी। मारूफगंज, मंसूरगंज, करमलीचक क्षेत्र के स्थानीय श्रद्धालु मालसलामी टीओपी के पास जेपी गंगा पथ सिंगल लेन में पार्किंग कर सकेंगे।
गायघाट पुल के नीचे व्यावसायिक वाहनों पर रोक
27 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से 28 अक्टूबर सुबह 10 बजे तक आटो व व्यावसायिक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। अगमकुआं से आने वाले वाहन केवल एनएमसीएच या धनुकी मोड़ तक जा सकेंगे। सुदर्शन पथ, बाईपास थाना मोड़, दीदारगंज से अशोक राजपथ पर तीन पहिया या भारी वाहन नहीं चलेंगे।
जेपी सेतु पर यातायात रोक
27 अक्टूबर (दो बजे से 7:30 बजे शाम तक) सोनपुर/छपरा से पटना की ओर आवागमन बंद रहेगा। 28 अक्टूबर (तीन बजे से छह बजे सुबह तक) दोबारा यही रोक लागू होगी। बस, ट्रक, हाईवा, जेसीबी जैसे भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
जेपी सेतु से उतरने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नीचे नहीं आने दिया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि यात्रा के लिए महात्मा गांधी सेतु का प्रयोग करें। रामजीचक आरओबी क्षेत्र आरओबी के ऊपर से केवल छठव्रती वाहनों को जेपी सेतु जाने की अनुमति होगी।
पार्किंग ऊपर ही की जाएगी। सामान्य वाहन नीचे से होकर जेपी सेतु जा सकेंगे। दीघा (रामजीचक) होकर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग पाटली पथ के उत्तरी छोर पर होगी।
अटल पथ पर रोक
27 अक्टूबर (सुबह 11:00 से रात 8:00 बजे तक) तथा 28 अक्टूबर (सुबह 2:00 से 3:00 बजे तक) अटल पथ से जेपी सेतु/सोनपुर की ओर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। आकस्मिक स्थिति में वाहन रूपसपुर नहर रोड से रामजीचक आरओबी होते हुए सोनपुर जा सकेंगे।
प्रमुख घाटों तक पहुंचने की व्यवस्था
दीघा घाट क्षेत्र: दीघा के पाटीपुल, दीघा घाट, शिवा घाट और मीनार घाट जाने वाले छठव्रती वाहन अटल पथ और रामजीचक आरओबी पर पार्क किए जाएंगे।
गेट नंबर 93 और 88 घाट: वाहनों की पार्किंग गंगा पथ के उत्तर-दक्षिण दिशा में चिह्नित स्थलों पर होगी।
कुर्जी घाट: वाहनों की पार्किंग जेपी गंगा पथ के उत्तरी भाग में की जाएगी।
पहलवान एवं बांस घाट : अशोक राजपथ से अंडरपास के जरिये सीधे घाट की ओर आवागमन और निर्दिष्ट पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
कलेक्ट्रेट/महेंद्र घाट: श्रद्धालु अपने वाहन गांधी मैदान में पार्क कर पैदल घाट जाएंगे।
पटना कॉलेज व साइंस कॉलेज घाट: वाहनों की एंट्री क्रमश खजांची रोड और एनसेनेंट रोड से होगी।
अन्य यातायात व्यवस्था
27 अक्टूबर सुबह 10:00 बजे से 28 अक्टूबर सुबह 10:00 बजे तक बाढ़/मोकामा से आने वाले भारी वाहन फतुहा से बिहटा-सरमेरा पथ के मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे। बिहटा की ओर से आने वाले ट्रक कन्हौली मोड़ से न्यू बाईपास की ओर जाएंगे। नगर बसें गांधी मैदान गेट नंबर-10 (मल्टी मॉडल हब) के अंदर पार्क की जाएंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।