भारी टैरिफ पर नागरिकों को चेताया.... राज्यपाल ने कहा- भारत पर आधिपत्य करना चाहता है अमेरिका
अमेरिका भारत पर अपना आधिपत्य जमाना चाहता है। हम सशक्त देश बनकर ऊभरें ये लोगों को स्वीकार नहीं है। लगातार भारत को दबाव में लाने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि ऐसे में अगर जरूरत पड़े तो देश के लिए त्याग और बलिदान देने को तैयार रहें।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने सोमवार को देश पर लगाए गए भारी टैरिफ पर नागरिकों को चेताते हुए कहा कि अमेरिका भारत पर अपना आधिपत्य जमाना चाहता है। हम सशक्त देश बनकर ऊभरें, ये लोगों को स्वीकार नहीं है। लगातार भारत को दबाव में लाने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि ऐसे में अगर जरूरत पड़े, तो देश के लिए त्याग और बलिदान देने को तैयार रहें।
बिरसा मुंडा'' विषय पर दो दिवसीय संगोष्ठी
इसके पहले गंगा देवी महिला महाविद्यालय में ''जनजातीय लोगों का उपनिवेशीकरण उलगुलान में बिरसा मुंडा'' विषय पर दो दिवसीय संगोष्ठी का राज्यपाल, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह, भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के सदस्य सचिव प्रो. धनंजय सिंह, टाटा इंस्टीट्यूट आफ सोशल साइंसेज मुंबई के कुलपति प्रो. बद्रीनारायण, राष्ट्रीय जनजातीय आयोग की सदस्य आशा लाकरा, गंगा देवी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य विजय लक्ष्मी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो. संजय पासवान ने उद्घाटन किया। राज्यपाल ने कहा कि खाल का रंग, भाषा और संस्कृति का भेद करने वाली मानसिकता अभी भी है। अब उसके आकार और रूप बदल गए हैं।
स्वतंत्रता के लिए शास्वत रूप से जागरूक होना जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता या कोई भी अधिकार वन टाइम एक्ट नहीं है। जब तक हम शास्वत रूप से जागरूक नहीं रहेंगे, स्वतंत्रता को बचाकर नहीं रख सकेंगे। राज्यपाल ने कहा कि हमें अपने आप को याद दिलाने की जरूरत है कि किसी भी कठिनाइ से निकलने के लिए सबसे ज्यादा नैतिक और आत्मबल की आवश्यकता होती है। खुद के लिए ही नहीं, औरों के लिए हमें जीना है। हमें अपने विशेष गुण का प्रयोग समाज और देश के लिए करना चाहिए। इसमें प्राथमिकता सबसे कमजोर और सीढ़ी के आखिरी पायदान पर रहने वाले के लिए देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जब हम संकल्प ले रहे हैं कि 2047 तक अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करना चाहते हैं, तो पुरानी जमींदारी प्रथा सामने आने लगी है।
मुंडा ने आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने कहा कि बिरसा मुंडा ने पूरे देश में आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उन्होंने आदिवासियों को ब्रिटिश शासन और जमींदारी प्रथा के शोषण से लड़ने के लिए प्रेरित किया। वह जनजातीय समाज के लिए आशा की किरण थे। उनका अत्याचार, शोषण और अन्याय के खिलाफ किया गया कार्य आज भी प्रेरणा दायक है। राज्यपाल ने कहा कि बिरसा मुंडा कि कल्पना थी कि वो खुद नहीं, आने वाली नस्लें प्रतिष्ठा-सम्मान के साथ आजाद होकर चल सकें।
जनजातियों की संस्कृति की जाए संरक्षित
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि महाविद्यालयों में ऐसे आयोजन होने चाहिए। हमारी तरफ से जो भी सहयोग होगा हम करेंगे। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डा. फिरमी बोडो ने जनजातियों के उपनिवेश मुक्तिकरण के बारे में चर्चा की। साथ ही असम, अरुणाचल प्रदेश तथा देश भर के जनजातियों के इतिहास को समझने और जानने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किस तरह से जनजातियों का समाजशास्त्रीय अध्ययन होना चाहिए एवं उनकी संस्कृति को संरक्षित किया जाना चाहिए।
जनजातियां खुद लिखें अपनी कहानियां
दिल्ली विश्विद्यालय के इतिहास विभाग के प्रो. निर्मल कुमार ने सिनेमा की दृष्टि से जनजातीय विमर्श पर बात की। उन्होंने मधुमती, नागिन एवं ये गुलिस्तां हमारा जैसी फिल्मों के माध्यम से आदिवासी जीवन पर प्रकाश डाला। कहा कि जब किसी जाति का प्रतिनिधित्व नहीं होता है, तो कहीं न कहीं भारतीय सिनेमा भी उसे दिखाने में कम रुचि रखता है। अतः उन्हें अपनी कहानी स्वयं लिखनी चाहिए।
ललित नारायण मिथिला विश्विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रो. ने कहा उद्योगों की वजह से उनकी जमीन उनकी संस्कृति छीनी जा रही है, जिसे बचाने का भरपूर प्रयास करना चाहिए। सत्र का संचालन डा. दीक्षा सिंह समाजशास्त्र विभाग के द्वारा किया गया। इस अवसर पर डा. उर्वशी गौतम, प्रो. प्रेमांशी जयदेव, सीसीडीसी की प्रो. रिमझिम शील, रजिस्ट्रार एनके झा, प्रो गणेश माहतो, डा. खुशबू एवं डा. वंदना मौजूद रहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।