Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Hockey Asia Cup 2025: भारत ने जापान को पटखनी देकर एशिया कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह, फिर चमके हरमनप्रीत सिंह

    Updated: Sun, 31 Aug 2025 05:34 PM (IST)

    एशिया पुरुष हॉकी में भारत ने जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। राजगीर में खेले गए मैच में भारत ने जापान को 3-2 से हराया जिसमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने महत्वपूर्ण गोल किए। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत के गोलकीपर कृष्ण बी पाठक को 150वां मैच खेलने पर सम्मानित किया गया।

    Hero Image
    भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो सौ. - Hockey India)

    जागरण संवादाता, राजगीर। एशिया पुरुष हॉकी में रविवार को भारत ने प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।

    राजगीर में कजाकिस्तान को 7-0 से पराजित कर आई जापान को मेजबान टीम से 3-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी। पिछले मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच कप्तान हरमनप्रीत सिंह फिर छाए।

    उन्होंने पेनल्टी कार्नर का लाभ लेते हुए टीम के लिए दो महत्वपूर्ण गोल किए। फील्ड पर फुर्ती दिखाने वाले अभिषेक प्लेयर ऑफ द मैच रहे। इसके पहले 150वां मैच खेल रहे भारत के गोलकीपर कृष्ण बी पाठक को ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सम्मानित किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को पहले मुकाबले में चीन ने कजाकिस्तान पर 13-1 से बड़ी जीत हासिल की।

    भारत को चार और जापान को नौ पेनल्टी कार्नर

    मुकाबले में भारत को चार और जापान को नौ पेनल्टी कार्नर मिले। इसमें मेजबान टीम दो और मेहमान देश एक का भी लाभ नहीं ले सका। भारत को पहली सफलता प्रथम क्वार्टर के चौथे मिनट में मिली। मनदीप सिंह ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त और दर्शकों को उत्साह से लबरेज कर दिया।

    इसके बाद मेजबान टीम को लगातार चार पेनल्टी कार्नर मिले। इसमें चौथे का लाभ लेते हुए पांचवें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जापान को एक और झटका दिया और 2-0 की बढ़त ले ली।

    इसके बाद पहले क्वार्टर के 10 मिनट में दोनों टीमें गोल नहीं कर पाईं। दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। जापान को लगातार चार पेनल्टी कार्नर मिले, मगर वह एक का भी लाभ नहीं ले पाया।

    तीसरे क्वार्टर के 38वें जापान के कोसेई कवाबे ने फील्ड गोल कर स्कोर 2-1 पर पहुंचा दिया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में हरमनप्रीत ने देश को फिर सफलता दिलाई। 46वें मिनट पेनल्टी कार्नर का लाभ लेते हुए कप्तान ने गोलकर 3-1 से बढ़त ले ली।

    मैच के अंतिम समय 59वें मिनट में जापान ने फील्ड गोलकर स्कोर 3-2 किया, मगर वह जीत नहीं सका।