Lalu Yadav Family Tree: कैसा है लालू का परिवार, चंदा-रागिनी और हेमा-अनुष्का को जानते हैं आप?
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद लालू यादव के परिवार में कलह खुलकर सामने आ गई है। किडनी दान करने वाली बेटी रोहिणी आचार्य समेत पांच बेटियों ने घर छोड़ दिया है। लालू और राबड़ी देवी की नौ संतानों में से कुछ राजनीति में सक्रिय हैं, जबकि अन्य दूर हैं। तेजस्वी यादव, जिन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था, पारिवारिक विवादों के कारण चर्चा में हैं।

रोहिणी-तेजस्वी और तेज प्रताप के अलावा लालू फैमिली में कौन-कौन?
जागरण टीम, पटना/नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद राजद प्रमुख लालू यादव के परिवार में पिछले कुछ महीने से चल रही तल्खियां खुलकर सामने आ गईं। एक-एक कर पांच बेटियों ने अपने मायके को छोड़ दिया।
विशेषकर लालू यादव को किडनी दान देने वाली बेटी रोहिणी आचार्य ने दुखी मन से घर छोड़ा और राजनीति से भी खुद को अलग करने की घोषणा की। यह परिवार बिहार ही नहीं, राज्य के बाहर भी चर्चा का विषय बना है। आइए जानें लालू यादव और राबड़ी देवी की नौ संतानों के बारे में
मीसा भारती: लालू यादव व राबड़ी देवी की पहली संतान मीसा भारती हैं। जेपी आंदोलन के दौरान आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम (मीसा) लागू होने के प्रसंग को जोड़ते हुए इनका नाम मीसा भारती रखा गया। इस आंदोलन में लालू को जेल हुई थी। मीसा ने एमबीबीएस की डिग्री ली है। फिलहाल राजनीति में सक्रिय हैं। बिहार के पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। इनका विवाह कंप्यूटर इंजीनियर शैलेश कुमार से हुआ है।
तेज प्रताप यादव: तेज प्रताप यादव लालू के दो पुत्रों में सबसे बड़े हैं। इन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है। लालू परिवार एवं पार्टी से इन्हें अलग कर दिया गया है। इस विधानसभा चुनाव में उन्होंने जनशक्ति जनता दल के नाम से एक पार्टी का गठन कर चुनाव लड़ा। हालांकि, एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली। स्वयं भी चुनाव हार गए।
महागठबंधन और जदयू की संयुक्त सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। फिलहाल राजद के विरुद्ध मुखर हैं। इनका विवाह राजनीतिक परिवार से संबंध रखने वाली ऐश्वर्या राय से हुआ, लेकिन रिश्तों में दरार आ गई।
चंदा सिंह: चंदा सिंह लालू की तीसरी संतान हैं। इनके पति विक्रम सिंह पायलट हैं। चंदा राजनीतिक जीवन से दूर हैं। अन्य भाई-बहनों की तरह इनकी चर्चा न के बराबर होती है।
रागिनी यादव: रागिनी यादव लालू की चौथी संतान हैं। इन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की, लेकिन कोर्स पूरा नहीं कर सकीं। इनका विवाह राजनीतिक घराने में हुआ। पति राहुल यादव समाजवादी पार्टी के नेता हैं।
हेमा यादव: हेमा लालू की पांचवीं संतान हैं। बताया जाता है कि इन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इनका विवाह विनीत यादव से हुआ है। हेमा भी राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहती हैं।
अनुष्का 'धन्नु' राव: अनुष्का लालू की छठी संतान हैं। इन्हें धन्नु के नाम से भी पुकारा जाता है। इनका विवाह चिरंजीवी राव से हुआ है। जिनका राजनीतिक जुड़ाव भी है। अनुष्का ने इंटीरियर डिजाइन के साथ कानून की भी पढ़ाई की है।
राजलक्ष्मी यादव: राजलक्ष्मी लालू की सबसे छोटी पुत्री हैं। इनका विवाह तेज प्रताप सिंह यादव से हुआ है। ये उत्तर प्रदेश के मुलायम सिंह यादव परिवार से संबंध रखते हैं। राजलक्ष्मी ने निजी विश्वविद्यालय से डिग्री ली है।
रोहिणी आचार्य: रोहिणी आचार्य लालू की दूसरी संतान हैं। इन्होंने भी एमबीबीएस की पढ़ाई की। पति समरेश सिंह के साथ सिंगापुर में रहती हैं। पिता लालू यादव को किडनी दान देने की वजह से सुर्खियों में आईं। इन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव छपरा से राजद के टिकट पर चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार गईं। राजनीतिक घटनाक्रम पर इंटरनेट मीडिया पर लगातार अपने परिवार का पक्ष रखने वाली रोहिणी अब राजनीति और लालू परिवार से अलग हो चुकी हैं।
तेजस्वी यादव: तेजस्वी लालू के छोटे पुत्र हैं। राजद की कमान इन्हीं के हाथों में है। इस चुनाव में महागठबंधन की पराजय के बाद ज्यादा सुर्खियों में हैं, क्योंकि इन्हें मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया गया था। नौवीं ड्रॉप आउट तेजस्वी का विवाह राजश्री यादव से हुआ है।
महागठबंधन और जदयू की संयुक्त सरकार में उप मुख्यमंत्री थे। उस कार्यकाल में हुए सरकार के कार्यों का श्रेय लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चुनाव परिणाम के बाद पारिवारिक रिश्तों में भी खटास आ गई है, जिसके लिए इनके द्वारा पार्टी में रखे गए लोग जिम्मेदार बताए जा रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।