उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने संभाली पंचायती राज विभाग की कमान, बोले- खाली पड़े पदों पर जल्द होगी बहाली
नीतीश सरकार में विभागों के बंटवारे के बाद मंत्रियों ने पदभार संभालना शुरू कर दिया है। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने जिला परिषद की संपत्ति विकसित करने और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की निगरानी के लिए समिति बनाने की बात कही।

कार्यालय में दीपक ने ग्रहण किया पदभार। (जागरण)
जागरण संवाददाता, पटना। नीतीश सरकार के मंत्रियों ने अपनी कुर्सी संभालना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को विभागों का बंटवारा हो जाने के बाद शनिवार को कई मंत्री अपने कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया।
इनमें सबसे आगे राष्ट्रीय लोक मोर्चा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र पंचायती राजमंत्री दीपक प्रकाश रहे। विभागीय कार्यों की जानकारी लेने और समीक्षा के बाद पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि जिला परिषद की संपत्ति चिह्नित की जाएगी और उनको विकसित किया जाएगा।
इससे आंतरिक आय के स्रोत में वृद्धि के साथ स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार का सृजन होगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के अनुश्रवण हेतु एक समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें राजनीतिक दल के सदस्य सम्मिलित होंगे।
इससे योजनाओं के क्रियान्वयन की पारदर्शिता बढ़ेगी। सभी रिक्त पदों को भरने के लिए नियुक्ति प्रकिया तेजी से पूर्ण की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जो जिम्मेदारी दी है,उसे बखूबी से निभाया जाएगा। इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। मंत्री दीपक प्रकाश ने अधिकारियों के साथ बैठक की और विभाग के कामकाज की विस्तृत जानकारी ली।
वहीं, मंत्री अशोक चौधरी और श्रेयसी सिंह ने आज कार्यालय जाकर पदभार ग्रहण किया। नए मंत्रियों का अपने-अपने विभाग पहुंचने का सिलसिला जारी था।
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: बिहार की राजनीति में लगातार गिर रहा कांग्रेस का ग्राफ, अब वापसी और भी कठिन

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।